बक्सर: किला मैदान में आज सजेगा सुरों का दरबार, भव्या पंडित, माधव प्रिया और कोलकाता की स्पीड डांस ग्रुप करेगी धमाकेदार प्रस्तुति
बक्सर: बक्सर का ऐतिहासिक किला मैदान 21 फरवरी यानी आज की शाम संगीत और नृत्य के रंग में डूबने वाला है। विश्वामित्र महोत्सव के मंच पर जहां एक ओर स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे, वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड सिंगर भव्या पंडित की लाइव परफॉर्मेंस को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
बता दें की दोपहर तीन बजे से शुरू होने वाला यह आयोजन रात दस बजे से पहले समाप्त होगा, लेकिन उससे पहले दर्शकों को यादगार सांस्कृतिक शाम मिलेगी। अगर आप भी इस खास माहौल का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो यहाँ पढिए पूरी जानकारी।
दोपहर तीन बजे से होगी शुरुआत, स्थानीय कलाकार दिखाएंगे हुनर
कार्यक्रम (Buxar Vishwamitra Mahotsav 2026) की शुरुआत अपराह्न तीन बजे से होगी। शुरुआत में बक्सर और आसपास के स्थानीय कलाकार मंच संभालेंगे। हालाकी हर साल की तरह इस बार भी स्थानीय प्रतिभाओं को पहला मौका दिया गया है ताकि उन्हें बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पटना से आई राधा सिन्हा नृत्य समूह की टोली विशेष प्रस्तुति देगी। पारंपरिक और आधुनिक नृत्य का संगम दर्शकों को देखने को मिलेगा। यह समूह अपने आकर्षक कोरियोग्राफी और तालमेल के लिए जाना जाता है, जिससे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलने की उम्मीद है।
शाम साढ़े पांच बजे से आमंत्रित कलाकारों का जलवा
शाम साढ़े पांच बजे के बाद महोत्सव का रंग पूरी तरह बदलने वाला है, क्योंकि स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद आमंत्रित कलाकार मंच संभालेंगे और माहौल में जबरदस्त जोश देखने को मिलेगा। कोलकाता से आ रहा स्पीड डांस समूह अपनी तेज रफ्तार नृत्य प्रस्तुतियों और आकर्षक मंच उपस्थिति से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर देगा।
आयोजकों का कहना है कि,
जैसे ही यह समूह मंच पर उतरेगा, मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठेगा। वहीं लोक संगीत प्रेमियों के लिए भी शानदार इंतजाम किया गया है। प्रसिद्ध लोक गायिका माधव प्रिया शर्मा अपने सुरों की मिठास से पूरे वातावरण को मधुर बना देंगी।
बता दें कि उनके गीतों में पारंपरिक लोक रंग के साथ आधुनिक अंदाज की झलक भी मिलती है, जिससे परिवार के साथ आए दर्शकों को एक साथ आनंद और अपनापन महसूस होगा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण होंगी भव्या पंडित
विश्वामित्र महोत्सव में इस बार सबसे बड़ी आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर गायिका भव्या पंडित (Bhavya Pandit) होंगी, जिनकी मधुर आवाज ने पहले भी राजगीर महोत्सव में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। उनकी पहचान रोमांटिक और सूफियाना गीतों से जुड़ी रही है और यही वजह है कि उनके मंच पर आने की घोषणा होते ही युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उम्मीद की जा रही है कि उनकी प्रस्तुति के दौरान किला मैदान तालियों से गूंज उठेगा।
आयोजन को लेकर भव्य पंडाल तैयार किया गया है और बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था की गई है ताकि किसी को परेशानी न हो। हालाकी भीड़ को देखते हुए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी जा रही है। जिला प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है, और कार्यक्रम को रात दस बजे से पहले समाप्त करने की योजना बनाई गई है ताकि परिवारों को घर लौटने में सुविधा हो सके।
बक्सर में सांस्कृतिक उत्सव का बड़ा मंच
बक्सर में आयोजित होने वाला विश्वामित्र महोत्सव केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर भी है। हर साल यह आयोजन शहर के लोगों के लिए खास बन जाता है। बता दें की इस तरह के कार्यक्रम से पर्यटन और स्थानीय पहचान को भी बढ़ावा मिलता है।
अगर आप भी संगीत और नृत्य के शौकीन हैं, तो आज का दिन आपके लिए खास हो सकता है। किला मैदान में सजे इस सांस्कृतिक महोत्सव में परिवार और दोस्तों के साथ शामिल होकर आप एक यादगार शाम का हिस्सा बन सकते हैं।
