WhatsApp को टक्कर देने आया Elon Musk का XChat, कॉलिंग और प्राइवेसी फीचर्स से मचा सकता है धमाल
Elon Musk फिर से चर्चा में हैं, और इस बार वजह है उनका नया मैसेजिंग ऐप XChat। इसमें वीडियो कॉलिंग से लेकर हाई-लेवल प्राइवेसी तक कई दमदार फीचर्स दिए गए हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि X अब अपनी पुरानी ‘everything app’ सोच से थोड़ा अलग रास्ता अपनाता दिख रहा है। ऐसे में सवाल उठता है, क्या यह ऐप WhatsApp की जगह ले सकता है?
XChat ऐप के फीचर क्या हैं?
XChat ऐप को ऐसे डिजाइन किया गया है कि यूज़र्स को चैटिंग से लेकर कॉलिंग तक हर जरूरी सुविधा एक ही जगह मिल जाए। इसमें टेक्स्ट मैसेज भेजने के साथ-साथ ऑडियो और वीडियो कॉलिंग का भी सपोर्ट दिया गया है। हालांकि, इसकी असली ताकत इसके प्राइवेसी फीचर्स माने जा रहे हैं। बता दें कि इसमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन मिलता है, जिससे आपकी चैट सुरक्षित रहती है।
इसके अलावा आप मैसेज को एडिट कर सकते हैं, सभी के लिए डिलीट कर सकते हैं और चाहें तो डिसअपीयरिंग मैसेज भी सेट कर सकते हैं। इसमें स्क्रीनशॉट ब्लॉक करने का फीचर भी दिया गया है, जो इसे बाकी ऐप्स से अलग बनाता है, और कंपनी का कहना है कि इसमें किसी तरह की ट्रैकिंग या विज्ञापन नहीं होंगे।
कीन डिवाइसेस पर चलेगा XChat App
फिलहाल XChat App सिर्फ iPhone यूज़र्स के लिए उपलब्ध है, लेकिन कंपनी ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इसे दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर भी लाया जा सकता है। X के डिजाइन लीड Benji Taylor ने भी कहा है कि,
ऐप में जल्द नए अपडेट देखने को मिलेंगे, जिससे यूज़र्स को और बेहतर फीचर्स मिल सकते हैं।
ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या Android यूज़र्स को भी जल्द XChat ऐप इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा या उन्हें थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।
क्या है कंपनी की रणनीति?
X का ताजा कदम साफ दिखाता है कि कंपनी अपनी पुरानी ‘Everything App’ वाली सोच से थोड़ा पीछे हट रही है। पहले Elon Musk चाहते थे कि एक ही ऐप में मैसेजिंग, पेमेंट और शॉपिंग जैसी सारी सुविधाएं मिलें, लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। XChat जैसे नए ऐप इसका उदाहरण हैं, जहां कंपनी अलग-अलग कामों के लिए अलग प्लेटफॉर्म बना रही है।
खबर यह भी है कि एक नया पेमेंट सिस्टम तैयार हो रहा है, जो अभी आम लोगों के लिए लॉन्च नहीं हुआ है। यानी अब X की कोशिश यह है कि यूज़र्स तक कई छोटे-छोटे ऐप्स के जरिए पहुंच बनाई जाए, बजाय सब कुछ एक ही जगह देने के।
