त्योहारों से पहले ग्लोइंग स्किन के लिए IV ड्रिप पर हजारों खर्च कर रही GenZ, जानें इसके फायदे और साइड इफेक्ट

IV Drip For Skin Glow: त्योहारों के मौसम में हर कोई चाहता है कि चेहरा फ्रेश और चमकदार दिखे। पहले जहां फेशियल और स्किन केयर ट्रीटमेंट का चलन था, वहीं अब GenZ के बीच IV ड्रिप ब्यूटी थेरेपी चर्चा में है। दावा किया जाता है कि इससे त्वचा में चमक आती है और थकान दूर करने में मदद मिलती है। लेकिन क्या वाकई यह तरीका सुरक्षित है? या खूबसूरत दिखने की चाह में सेहत को खतरे में डाला जा रहा है।
क्या है IV ड्रिप ब्यूटी थेरेपी?
IV का पूरा नाम इंट्रावेनस (Intravenous) है। इस प्रक्रिया में हाथ की नस में एक छोटी सुई या कैनुला लगाकर तरल पदार्थ सीधे खून में पहुंचाया जाता है। अस्पतालों में इसका इस्तेमाल जरूरत के अनुसार दवाएं, तरल पदार्थ और अन्य जरूरी पोषक तत्व देने के लिए किया जाता है।
हालांकि, अब कुछ ब्यूटी और वेलनेस क्लीनिक इसका इस्तेमाल त्वचा में चमक लाने, शरीर को हाइड्रेट रखने और एनर्जी बढ़ाने के दावों के साथ कर रहे हैं। इस तरह की ड्रिप में विटामिन C, विटामिन B कॉम्प्लेक्स, इलेक्ट्रोलाइट्स और ग्लूटाथियोन जैसे तत्व शामिल हो सकते हैं।
ग्लूटाथियोन शरीर में प्राकृतिक रूप से पाया जाने वाला एक एंटीऑक्सीडेंट है। यह कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में भूमिका निभाता है। हालांकि, इसे नसों के जरिए देने से त्वचा का रंग निखरने या एंटी-एजिंग के स्पष्ट और लंबे समय तक रहने वाले फायदे मिलते हैं, इस बारे में पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: पुराना तौलिया फेंकने से पहले जान लें ये 5 तरीके, घर के कई काम हो जाएंगे आसान
GenZ में क्यों बढ़ रहा ट्रेंड?
सोशल मीडिया पर ग्लोइंग स्किन और परफेक्ट लुक को लेकर बढ़ते दबाव के बीच IV ड्रिप ब्यूटी थेरेपी की लोकप्रियता बढ़ रही है। खासकर त्योहारों, पार्टियों और दूसरे खास मौकों पर लोग जल्दी फ्रेश दिखने के विकल्प तलाशते हैं। लगातार काम करना, पर्याप्त नींद नहीं लेना और व्यस्त दिनचर्या भी चेहरे पर थकान का असर दिखा सकती है।
ऐसे में कुछ युवा IV ड्रिप को जल्दी बेहतर दिखने और एनर्जी पाने का तरीका मान रहे हैं। लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है। शरीर में विटामिन या दूसरे पोषक तत्वों की कमी न होने पर उन्हें अतिरिक्त मात्रा में देने से जरूरी नहीं कि त्वचा ज्यादा चमकदार हो जाए।
इसी तरह, IV ड्रिप से मिलने वाला फायदा हर व्यक्ति में एक जैसा नहीं होता। इसलिए केवल सोशल मीडिया पर दिखने वाले अनुभवों के आधार पर यह ट्रीटमेंट करवाना सही फैसला नहीं है।
IV ड्रिप की कीमत कितनी है? (IV Drip Price)
IV ड्रिप ब्यूटी थेरेपी की कीमत क्लीनिक, इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थों और ट्रीटमेंट के प्रकार के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ ब्यूटी क्लीनिक एक सेशन के लिए करीब 4,000 से 10,000 रुपये तक लेते हैं। वहीं, कुछ जगहों पर तीन सेशन के पैकेज की कीमत लगभग 15,000 रुपये बताई जाती है।
यह ध्यान रखना जरूरी है कि महंगा ट्रीटमेंट होने का मतलब यह नहीं है कि उसका फायदा भी ज्यादा होगा। किसी भी IV ड्रिप को लेने से पहले उसके घटकों, संभावित जोखिमों और वास्तविक जरूरत के बारे में योग्य डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
IV ड्रिप के क्या हैं नुकसान? (IV Drip Side Effects)
IV ड्रिप को बिना चिकित्सकीय जरूरत के केवल खूबसूरती बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करना जोखिम से खाली नहीं है। नस में कैनुला लगाने से संक्रमण, दर्द, सूजन या नस में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा, ड्रिप में मौजूद किसी तत्व से एलर्जी होने पर प्रतिक्रिया हो सकती है। विटामिन या अन्य पदार्थों की जरूरत से ज्यादा मात्रा शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ परिस्थितियों में अधिक मात्रा में दिए गए विटामिन किडनी पर असर डाल सकते हैं। वहीं, जरूरत से ज्यादा तरल पदार्थ देने से शरीर में फ्लूइड और इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बिगड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: सर्दी के मौसम में हानिकारक हो सकते हैं उनी कपड़े, जानिए इनसे होने वाले नुकसान
जिन लोगों को पहले से किडनी या दिल से जुड़ी परेशानी है, या जो किसी दूसरी बीमारी से जूझ रहे हैं, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। IV ड्रिप का इस्तेमाल केवल प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की निगरानी में और उचित चिकित्सकीय सलाह के बाद ही किया जाना चाहिए।
ग्लोइंग स्किन के लिए क्या करें?
त्योहारों में अच्छी त्वचा पाने के लिए हजारों रुपये खर्च करना ही एकमात्र रास्ता नहीं है। पर्याप्त नींद लेना, संतुलित आहार खाना, नियमित रूप से पानी पीना और त्वचा की सही देखभाल करना ज्यादा उपयोगी आदतें हैं।
त्वचा को धूप से बचाना, अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना भी जरूरी है। अगर लगातार थकान महसूस होती है या त्वचा में अचानक बदलाव दिखाई देता है, तो केवल ब्यूटी ट्रीटमेंट लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।
कुल मिलाकर, IV ड्रिप ब्यूटी थेरेपी का ट्रेंड भले ही युवाओं को आकर्षित कर रहा हो, लेकिन इसके फायदे हर व्यक्ति के लिए साबित नहीं हैं। खूबसूरत दिखने की जल्दबाजी में अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें। किसी भी ट्रीटमेंट को अपनाने से पहले उसके संभावित फायदे और नुकसान को समझना सबसे जरूरी है।

