₹10,000 करोड़ का IPO ला सकती है Coal India की यह कंपनी, शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी शुरू

सरकारी कंपनी Coal India की सबसे मजबूत सहायक कंपनियों में शामिल Mahanadi Coalfields (MCL) अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। करीब ₹10,000 करोड़ के IPO के लिए कंपनी ने निवेश बैंकों को आमंत्रित किया है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो यह हाल के वर्षों के सबसे बड़े सरकारी IPO में से एक हो सकता है।
कहां तक पहुंची ₹10,000 करोड़ के IPO की तैयारी?
सूत्रों के अनुसार, महानदी कोलफील्ड्स ने IPO प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए निवेश बैंकों को आमंत्रित किया है। इन बैंकों की प्रेजेंटेशन अगस्त में कोलकाता में होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस बड़े सार्वजनिक निर्गम में देश के लगभग सभी प्रमुख निवेश बैंक हिस्सा ले सकते हैं।
कुछ विदेशी निवेश बैंक भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। प्रस्तावित IPO का आकार लगभग ₹10,000 करोड़ माना जा रहा है, लेकिन अंतिम राशि और उसकी संरचना बाद में तय होगी।
ये भी पढ़ें: सितंबर में आ सकता है ₹30,000 करोड़ का मेगा IPO, ₹5 लाख करोड़ से ज्यादा होगी वैल्यूएशन
Coal India के प्रवक्ता ने बताया कि,
कंपनी फिलहाल महानदी कोलफील्ड्स में अपनी 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर और मर्चेंट बैंकर जैसे जरूरी मध्यस्थों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
निवेशकों के लिए यह IPO क्यों खास माना जा रहा है?
यह IPO Offer For Sale (OFS) के जरिए आने की संभावना है। यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि Coal India अपनी मौजूदा हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेगी। इससे IPO के जरिए जुटाई गई राशि मुख्य रूप से Coal India को मिलेगी, जबकि MCL की लिस्टिंग शेयर बाजार में हो जाएगी।
इससे पहले मई में DIPAM ने MCL में Coal India की 25 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। सरकार लंबे समय से सार्वजनिक क्षेत्र की लाभदायक कंपनियों को शेयर बाजार में लाकर विनिवेश कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है। इससे पहले Coal India की सहायक कंपनी CMPDIL भी सफलतापूर्वक सूचीबद्ध हो चुकी है।
रिकॉर्ड उत्पादन करने वाली कंपनी है MCL
महानदी कोलफील्ड्स केवल Coal India की एक सहायक कंपनी नहीं, बल्कि उसकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली कंपनियों में शामिल है। ओडिशा के तालचेर और आईबी वैली क्षेत्रों में संचालित कंपनी ने FY25 में 225.17 मिलियन टन का रिकॉर्ड कोयला उत्पादन किया। वहीं 210.45 मिलियन टन कोयले की आपूर्ति भी अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रही।
ये भी पढ़ें: 20 अरब डॉलर की बिकवाली के बाद बदला FII का मूड, भारतीय बाजार के इन 5 सेक्टरों में लगाया सबसे बड़ा दांव
FY25 में MCL की सकल कोयला बिक्री ₹36,606 करोड़ रही, जबकि कर के बाद कंपनी का मुनाफा ₹10,823 करोड़ दर्ज किया गया। इसी दौरान कंपनी की नेटवर्थ बढ़कर ₹18,279 करोड़ पहुंच गई और उसने ₹8,600 करोड़ का डिविडेंड भी दिया। ये आंकड़े बताते हैं कि MCL, Coal India की सबसे मजबूत कमाई करने वाली कंपनियों में शामिल है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ (Mahanadi Coalfields IPO) आखिर कब लॉन्च होगा और इसकी कीमत क्या होगी। हालांकि फिलहाल केवल IPO की तैयारी शुरू हुई है और अंतिम आकार, समय तथा शेयर बिक्री का पूरा ढांचा आने वाले महीनों में तय किया जाएगा। यदि यह योजना आगे बढ़ती है, तो यह भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे चर्चित IPO में से एक बन सकता है।




