7000mAh बैटरी और 120Hz डिस्प्ले के साथ OPPO K14 Lite भारत में लॉन्च, इतनी है कीमत

OPPO ने भारतीय बाजार में अपनी K Series का नया स्मार्टफोन K14 Lite लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस फोन में बड़ी 7000mAh बैटरी के साथ 120Hz रिफ्रेश रेट वाला HD+ डिस्प्ले दिया है। इस फोन पर चुनिंदा बैंक ऑफर के तहत ₹1,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिल सकता है। फोन में Unisoc प्रोसेसर और IP64 रेटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं OPPO K14 Lite की कीमत, ऑफर और फीचर्स की पूरी जानकारी।
OPPO K14 Lite स्पेसिफिकेशन
OPPO K14 Lite में 17.15cm का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। इसकी स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है, जबकि पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक है। फोन में Splash Touch, Oily-Hand Touch और Glove Touch जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। इनकी मदद से गीले हाथों या ग्लव्स के साथ भी स्क्रीन इस्तेमाल करने में सुविधा मिल सकती है।
प्रोसेसर और स्टोरेज
परफॉर्मेंस के लिए OPPO K14 Lite में Unisoc T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। इसकी क्लॉक स्पीड 1.8GHz तक है। फोन में 4GB LPDDR4X RAM के साथ 64GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। लंबे समय तक इस्तेमाल के दौरान फोन को गर्म होने से बचाने के लिए इसमें 13,700mm² तक का Thermal Graphite Cooling Area दिया गया है।
OPPO के अनुसार, यह स्मार्टफोन Mobile Legends: Bang Bang गेम को स्मूथ ग्राफिक्स मोड में 60FPS पर चला सकता है। सॉफ्टवेयर और स्मार्ट फीचर्स की बात करें तो फोन में Google Lens, Privacy Safe और Google Gemini का सपोर्ट भी दिया गया है।
7000mAh बैटरी और चार्जिंग
बैटरी OPPO K14 Lite की प्रमुख खासियतों में से एक है। इसमें 7000mAh की बैटरी दी गई है, जो 15W चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन में रीवर्स वायर चार्जिंग का फीचर भी मिलता है, जिससे जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस को चार्ज किया जा सकता है।
OPPO का दावा है कि 1,800 चार्जिंग साइकल पूरे होने के बाद भी बैटरी अपनी मूल क्षमता का 80 प्रतिशत से अधिक बनाए रख सकती है। हालांकि, फोन का वास्तविक बैटरी बैकअप इस्तेमाल के तरीके और परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
कैमरा और AI फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर पैनल पर 13MP का कैमरा दिया गया है। इसमें ऑटोफोकस का सपोर्ट मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरा में Portrait, Night और Time-Lapse जैसे मोड मिलते हैं। इसके अलावा OPPO K14 Lite में AI Eraser, AI Clear Face और AI Smart Image Matting 2.0 जैसे AI आधारित फीचर्स भी दिए गए हैं।
IP64 रेटिंग
ड्यूरेबिलिटी के लिए K14 Lite को IP64 रेटिंग मिली है। यह रेटिंग फोन को धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा प्रदान करती है।
OPPO K14 Lite की कीमत और ऑफर
OPPO K14 Lite को भारत में 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत ₹16,999 रखी गई है। हालांकि, चुनिंदा बैंक ऑफर का लाभ लेने पर ग्राहकों को ₹1,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल सकता है। इसके बाद फोन की प्रभावी कीमत ₹15,999 हो जाती है।
कंपनी इस स्मार्टफोन पर तीन महीने का No Cost EMI विकल्प भी दे रही है। OPPO K14 Lite की बिक्री 16 सितंबर से शुरू हो चुकी है और इसे OPPO के ई-स्टोर और Flipkart से खरीदा जा सकता है।
कलर ऑप्शन की बात करें तो फोन को Stone Brown और Feather Purple रंगों में पेश किया गया है। इस कीमत पर फोन में 7000mAh बैटरी और 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले इसकी प्रमुख खूबियों में शामिल हैं। 
