9,020mAh बैटरी और 12GB RAM के साथ Vivo का नया फोन लॉन्च, मिलेगा 90W चार्जिंग और AMOLED डिस्प्ले; कीमत भी जान लीजिए

Vivo ने Y600 सीरीज में एक और नया स्मार्टफोन पेश किया है। कंपनी का नया Vivo Y600k Turbo फिलहाल चीन के बाजार में लॉन्च किया गया है। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9,020mAh की बड़ी बैटरी है। इसके अलावा इसमें Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर, 12GB तक रैम और 120Hz AMOLED डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं। आइए जानते हैं इस फोन की कीमत और बाकी फीचर्स के बारे में।
Vivo Y600k Turbo स्पेसिफिकेशन
Vivo Y600k Turbo में 6.83 इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है। स्क्रीन 120Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन ज्यादा स्मूद नजर आते हैं। इसका टच सैंपलिंग रेट 130Hz तक है। डिस्प्ले की लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक बताई गई है, जिससे तेज रोशनी में स्क्रीन देखने में मदद मिल सकती है। स्क्रीन 10.7 बिलियन कलर्स को सपोर्ट करती है।
परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के लिए फोन में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 12GB तक LPDDR4X रैम और 256GB UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। यह हार्डवेयर रोजमर्रा के काम, मल्टीटास्किंग और हल्के गेमिंग के लिए उपयोगी हो सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन OriginOS 6 पर चलता है, जो Android 16 पर आधारित है।
बैटरी और चार्जिंग
Vivo Y600k Turbo की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। फोन में 9,020mAh की टिपिकल बैटरी दी गई है, जबकि इसकी रेटेड क्षमता 8,820mAh है। इसमें सिंगल-सेल बैटरी का इस्तेमाल किया गया है।
फोन 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। हालांकि, इसमें वायरलेस चार्जिंग की सुविधा नहीं दी गई है। USB Type-C पोर्ट के जरिए रिवर्स चार्जिंग का विकल्प मिलता है, जिससे जरूरत पड़ने पर फोन से दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है।
बड़ी बैटरी के बावजूद फोन की मोटाई और वजन को नियंत्रित रखने की कोशिश की गई है। यह उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करना चाहते हैं और बार-बार चार्जिंग से बचना चाहते हैं।
कैमरा सेटअप
फोटोग्राफी के लिए Vivo Y600k Turbo के रियर पैनल पर 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है। इसके साथ 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
रियर कैमरा 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है, जबकि फ्रंट कैमरे से 1080p तक वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। यह कैमरा सेटअप रोजमर्रा की फोटोग्राफी और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए उपयोगी हो सकता है।
मजबूती और कनेक्टिविटी फीचर्स
Vivo Y600k Turbo को मजबूती के लिहाज से आठ मिलिट्री-स्टैंडर्ड एनवायरनमेंटल टेस्ट पास करने की जानकारी दी गई है। फोन को IP68 और IP69 डस्ट वॉटर रेजिस्टेंस रेटिंग भी मिली है, जिससे धूल और पानी से सुरक्षा बेहतर होती है। फोन में अंडर-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर, डुअल स्पीकर्स और IR ब्लास्टर दिया गया है। इसके अलावा NFC, Wi-Fi 6 और Bluetooth 5.2 जैसे कनेक्टिविटी फीचर्स भी मिलते हैं।
Vivo Y600k Turbo की कीमत
Vivo Y600k Turbo को फिलहाल चीन के बाजार में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। कंपनी ने इसकी कीमत 2,799 चीनी युआन रखी है, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से करीब 41 हजार रुपये होती है। यह स्मार्टफोन इलेक्ट्रिक ब्लू, ड्यून गोल्ड और मिलेनियल पिंक तीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
हालांकि, भारत समेत अन्य बाजारों में Vivo Y600k Turbo को कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अगर कंपनी इसे भारतीय बाजार में पेश करती है, तो 9,020mAh की बड़ी बैटरी और 90W फास्ट चार्जिंग इसकी प्रमुख खूबियों में शामिल हो सकती हैं। खासकर उन यूजर्स की इसमें दिलचस्पी हो सकती है जो लंबे बैटरी बैकअप वाले स्मार्टफोन की तलाश में हैं।
ये भी पढ़ें:
कभी थे सिर्फ ‘चॉकलेट बॉय’, खतरों के खिलाड़ी जीतकर छाए अविनाश मिश्रा, जानिए कैसे बदली पूरी कहानी

