बक्सर में खौफनाक कांड! अधजली हालत में मिला प्रेमिका से मिलने गया युवक
बक्सर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमिका से मिलने गए युवक के साथ ऐसी हैवानियत हुई कि सुनकर लोग दंग रह गए। आरोप है कि युवक को पकड़कर पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर गर्म लोहे से दाग दिया गया। इतना ही नहीं, उसे रात के अंधेरे में झाड़ियों में फेंक दिया गया। सुबह कराहने की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
प्रेमिका के बुलावे पर रात में पहुंचा था युवक
बताया जा रहा है कि यह मामला (Buxar Love Affair Assault Case) बक्सर जिले के नावानगर गांव का है, जहां घायल युवक की पहचान रोशन शर्मा के रूप में हुई है। रोशन उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि,
वह रात के समय अपनी प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर पहुंचा था। घर से निकलते समय उसने अपने परिवार वालों से कहा था कि वह शादी समारोह में जा रहा है और लौटने में देर हो सकती है। लेकिन जैसे ही वह युवती के घर पहुंचा, वहां मौजूद परिवार वालों को इसकी भनक लग गई और फिर मामला बिगड़ गया।
ये भी पढ़ें: 14 मई को शुक्र करेंगे मिथुन राशि में प्रवेश, जानिए कौन होगा मालामाल और किसे रहना होगा सावधान
युवक पर बेरहमी से हमला, गर्म लोहे से दागने का आरोप
घायल युवक ने बताया कि,
युवती के घरवालों ने उसे पकड़ने के बाद बेरहमी से पीटा और फिर शरीर पर कई जगह गर्म लोहे से दाग दिया।
सबसे ज्यादा चोट कमर के नीचे बताई जा रही है। मारपीट और जलाने की वजह से युवक बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोप है कि उसे गांव से दूर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। वह पूरी रात वहीं दर्द से तड़पता रहा।
सुबह जब गांव के लोग उधर से निकले तो कराहने की आवाज सुनकर पहुंचे। वहां युवक झाड़ियों में छिपा मिला, जो बिना कपड़ों के होने की वजह से बाहर आने से डर रहा था।
गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने वाराणसी किया रेफर
घायल युवक की सूचना मिलते ही उसके परिजन कपड़े लेकर मौके पर पहुंचे और उसे ढककर तुरंत अस्पताल ले गए। नावानगर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि कमर के नीचे शरीर कई जगह बुरी तरह जला हुआ है। युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर अस्पताल से खबर मिलने के बाद पुलिस भी जांच के लिए पहुंची।
ये भी पढ़ें: 12वीं पास युवाओं के लिए खुशखबरी, भारतीय वायुसेना में निकली भर्ती, ₹63,200 तक सैलरी
पुलिस ने बताया कि,
अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, क्योंकि सभी लोग घायल के इलाज में लगे हैं। शिकायत मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
