Toyota ने खेला बड़ा दांव! भारत में लगेगा तीसरा प्लांट, 4.5 लाख कारें बनाने की तैयारी
Toyota India Expansion: भारत के ऑटो सेक्टर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। दुनिया की दिग्गज कार निर्माता टोयोटा ने भारत में तीसरा प्लांट लगाने का ऐलान कर दिया है। यह नया प्लांट महाराष्ट्र में बनेगा और इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता में बड़ा उछाल आएगा। खास बात यह है कि यहां भारतीय बाजार के लिए नई SUV भी तैयार की जा सकती है। बढ़ती मांग के बीच Toyota का यह कदम बाकी कंपनियों की चिंता बढ़ा सकता है।
महाराष्ट्र में Toyota लगाएगी तीसरा बड़ा प्लांट
टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन ने भारत में बड़ा निवेश करने का फैसला लिया है। कंपनी महाराष्ट्र के बिडकिन इंडस्ट्रियल एरिया में अपना तीसरा प्लांट (Toyota India Third Plant) लगाएगी, जिसे साल 2029 तक शुरू करने की तैयारी है। इस नए प्लांट से हर साल करीब 1 लाख नई गाड़ियों का निर्माण होगा। इसके बाद भारत में टोयोटा की कुल उत्पादन क्षमता लगभग 4.5 लाख वाहनों तक पहुंच जाएगी।
खास बात यह है कि कंपनी यहां भारतीय ग्राहकों के लिए नई एसयूवी तैयार करने की योजना भी बना रही है। हालांकि अभी इस मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि इसे भारतीय बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखकर लॉन्च किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: भारत के ऊर्जा भंडार को लेकर सरकार का बड़ा खुलासा, जानिए कितना बचा है देश में तेल और गैस का स्टॉक
भारत के ऑटो बाजार पर क्यों फिदा हुई टोयोटा?
भारत का ऑटो बाजार इस समय दुनिया के सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाले बाजारों में गिना जा रहा है और यही वजह है कि टोयोटा ने यहां बड़ा दांव लगाया है। खासकर एसयूवी गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है, जहां अब कुल पैसेंजर व्हीकल बिक्री में आधे से ज्यादा हिस्सेदारी इसी सेगमेंट की हो चुकी है।
यही कारण है कि टोयोटा के साथ सुजुकी, हुंडई, फॉक्सवैगन और रेनो जैसी बड़ी कंपनियां भी भारत में निवेश बढ़ा रही हैं। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने कहा है कि,
भविष्य की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी भारत में अपना उत्पादन नेटवर्क मजबूत करेगी। साथ ही नया प्लांट लगने से ऑटो सेक्टर को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे।
भारत में पहले से मजबूत है Toyota की पकड़
टोयोटा पहले से ही भारत में मजबूत मौजूदगी रखती है और कर्नाटक के बिदादी में उसके दो बड़े प्लांट काम कर रहे हैं। Toyota का पहला प्लांट साल 1999 से चल रहा है, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 3.42 लाख यूनिट है, जबकि दूसरा प्लांट हर साल 1.32 लाख गाड़ियां तैयार कर सकता है।
ये भी पढ़ें: लाखों फोन में बंद हो सकता है WhatsApp, कहीं आपका मोबाइल भी लिस्ट में तो नहीं?
भारतीय बाजार में Toyota की पकड़ खासतौर पर एसयूवी सेगमेंट में मजबूत मानी जाती है, जहां इनोवा हाईक्रॉस, इनोवा क्रिस्टा और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां काफी पसंद की जाती हैं। इसके साथ ही मारुति सुजुकी के साथ साझेदारी के जरिए ग्रैंड विटारा, फ्रॉन्क्स, बलेनो और अर्टिगा जैसे मॉडल भी टोयोटा ब्रांड से बेचे जाते हैं।
FY26 में भारत में टोयोटा की बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 3,66,896 यूनिट पहुंच गई, जिससे साफ है कि कंपनी अब भारत में और बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है।
