120Kmph की रफ्तार, 130KM रेंज और 42HP ताकत! ये है भारत का सबसे पावरफुल इलेक्ट्रिक स्कूटर

BMW CE 04 Premium Electric Scooter in India
1 min read

Premium Electric Scooter in India: 120Kmph की रफ्तार, 42HP की ताकत और कीमत 15 लाख रुपये से ज्यादा। सुनने में यह किसी प्रीमियम बाइक की बात लग सकती है, लेकिन यह दरअसल एक इलेक्ट्रिक स्कूटर है। BMW CE 04 फिलहाल भारत का सबसे पावरफुल इलेक्ट्रिक स्कूटर माना जाता है। इसकी कीमत Ola, Ather और TVS जैसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से कई गुना ज्यादा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस स्कूटर में ऐसा क्या खास है, और क्या कोई ग्राहक इसके लिए 15 लाख रुपये खर्च करना चाहेगा?

BMW CE 04 की दमदार ताकत ने सबको छोड़ा पीछे

अगर पावर की बात करें तो BMW CE 04 में 42 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत और 62 एनएम टॉर्क मिलता है, जो सिर्फ 1,500 आरपीएम से ही मिलने लगता है। यही वजह है कि स्कूटर का पिकअप बेहद तेज महसूस होता है। इसकी टॉप स्पीड 120 किमी प्रति घंटा तक जाती है, जो इसे कई 300सीसी से 400सीसी पेट्रोल टू-व्हीलर्स के बराबर खड़ा कर देती है।

जहां भारत में ज्यादातर बैटरी वाले स्कूटर 80 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक सीमित रहते हैं, वहीं BMW CE 04 अपनी अलग पहचान बनाता है। इतना ही नहीं, बाजार में मौजूद अधिकांश इलेक्ट्रिक स्कूटर 10 हॉर्सपावर से भी कम पावर देते हैं, इसलिए यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर परफॉर्मेंस के मामले में बाकी विकल्पों से काफी आगे नजर आता है।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल की चिंता छोड़िए! भारत में लॉन्च हुई एथेनॉल पर चलने वाली पहली फ्लेक्स फ्यूल कार

एक चार्ज में 130 किमी तक चलेगा BMW CE 04

BMW CE-04 में 8.9 किलोवॉट-घंटा की बैटरी दी गई है, जो कंपनी के मुताबिक एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 130 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इसे चार्ज करने के लिए 2.3 किलोवॉट का एसी ऑनबोर्ड चार्जर मिलता है, जिससे बैटरी लगभग 4 घंटे 20 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो जाती है।

अगर आपको जल्दी चार्जिंग चाहिए तो फास्ट चार्जिंग का विकल्प भी मौजूद है, लेकिन इसके लिए अलग से पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं क्योंकि यह स्टैंडर्ड पैकेज में शामिल नहीं है। वहीं इस प्रीमियम स्कूटर का वजन 231 किलोग्राम है, जो कई बड़ी मोटरसाइकिलों से भी ज्यादा है। ऐसे में ट्रैफिक, तंग पार्किंग या कम रफ्तार पर इसे संभालना हर किसी के लिए आसान नहीं होगा।

BMW CE 04 के फीचर्स

बीएमडब्ल्यू CE 04 में 10.25 इंच का बड़ा डिजिटल डिस्प्ले, इनबिल्ट नेविगेशन, बिना चाबी स्टार्ट होने की सुविधा, स्मार्ट कनेक्टिविटी, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, अलग-अलग राइड मोड्स, एंटी-थेफ्ट अलार्म और ड्यूल-चैनल एबीएस जैसे कई आधुनिक फीचर्स मिलते हैं।

बेहतर सुरक्षा के लिए आगे ड्यूल डिस्क ब्रेक और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसकी 780 मिमी सीट हाइट ज्यादातर राइडर्स के लिए आरामदायक मानी जाती है, जबकि फ्लैट फ्लोरबोर्ड लंबी राइड में भी अच्छा कम्फर्ट देता है। हालांकि बैटरी पैक की वजह से सीट के नीचे सामान रखने की जगह थोड़ी सीमित हो जाती है।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल की चिंता छोड़िए! भारत में लॉन्च हुई एथेनॉल पर चलने वाली पहली फ्लेक्स फ्यूल कार

15 लाख रुपये के इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को कौन खरीदेगा?

BMW का ये स्कूटर आम ग्राहकों के लिए नहीं बनाया गया है। यदि कोई व्यक्ति Activa, Ola S1 Pro या Ather 450X खरीदने की सोच रहा है, तो संभवतः वह इस स्कूटर को अपनी सूची में शामिल भी नहीं करेगा। दरअसल BMW CE 04 उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो पहले से किसी प्रीमियम मोटरसाइकिल या लग्जरी टू-व्हीलर की तलाश में हैं और इलेक्ट्रिक विकल्प चाहते हैं।

15.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर यह स्कूटर भारतीय बाजार में लगभग अकेला खड़ा है। फिलहाल इसके सामने कोई सीधा प्रतिद्वंद्वी नहीं है। यही वजह है कि CE 04 सिर्फ एक इलेक्ट्रिक स्कूटर नहीं बल्कि एक प्रीमियम लाइफस्टाइल प्रोडक्ट के रूप में देखा जा रहा है।

Jai Jagdamba News Whatsapp