अमेरिका पर JLR का सबसे बड़ा दांव, Defender को लेकर सामने आया बड़ा प्लान
JLR North America Growth Strategy: दुनिया के सबसे बड़े लग्जरी कार बाजार पर कब्जा जमाने की तैयारी में Jaguar Land Rover (JLR) ने बड़ा दांव खेला है। Tata Motors की स्वामित्व वाली यह कंपनी अब अमेरिका को अपनी भविष्य की ग्रोथ का सबसे अहम केंद्र बनाने जा रही है। इतना ही नहीं, Defender ब्रांड के लिए Stellantis के साथ संभावित साझेदारी और नए इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी महत्वपूर्ण खुलासे किए गए हैं।
आखिर JLR की यह नई रणनीति कंपनी के भविष्य और वैश्विक लग्जरी कार बाजार को कैसे प्रभावित कर सकती है, आइए विस्तार से जानते हैं।
अमेरिका बनेगा JLR की नई ग्रोथ का सबसे बड़ा केंद्र
जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने निवेशक दिवस 2026 के दौरान साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले वर्षों में उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता उत्तरी अमेरिका, खासकर अमेरिका का बाजार होगा। फिलहाल कंपनी की कुल बिक्री में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 28 प्रतिशत है। जेएलआर का मानना है कि अमेरिका में तेजी से बढ़ रही अमीर आबादी और प्रीमियम वाहनों की बढ़ती मांग लग्जरी कार कंपनियों के लिए बड़ा अवसर लेकर आई है।
यही वजह है कि कंपनी अब अमेरिकी ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखकर नए मॉडल विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ज्यादा वाहनों की आपूर्ति सुनिश्चित करने और अपने शोरूम नेटवर्क व ग्राहक सेवाओं को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि लग्जरी वाहन बाजार में उसकी पकड़ और मजबूत हो सके।
ये भी पढ़ें: ₹30 हजार से कम में मिल रहे हैं DSLR जैसे कैमरा फोन, फीचर्स देखकर लोग हो रहे हैरान
डिफेंडर को लेकर बड़ी साझेदारी की तैयारी?
जेएलआर की नई रणनीति में सबसे ज्यादा चर्चा स्टेलैंटिस के साथ संभावित साझेदारी की रही। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि नॉर्थ अमेरिका में अपने लोकप्रिय डिफेंडर ब्रांड के लिए उत्पाद और तकनीकी विकास के क्षेत्र में मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। हालांकि अभी इस सहयोग से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ऑटो उद्योग के जानकार इसे जेएलआर के लिए एक अहम कदम मान रहे हैं।
डिफेंडर पहले से ही कंपनी के सबसे सफल और ज्यादा कमाई कराने वाले मॉडलों में शामिल है। ऐसे में अगर यह साझेदारी आगे बढ़ती है तो नई तकनीक विकसित करने, लागत कम करने और बाजार में पकड़ मजबूत करने में कंपनी को फायदा मिल सकता है। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब दुनिया की कई बड़ी वाहन निर्माता कंपनियां इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और नई तकनीकों को लेकर साझेदारी के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक समेत कई नए EV मॉडल लॉन्च करेगी JLR
JLR आने वाले समय में अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही रेंज रोवर इलेक्ट्रिक, रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक और जगुआर की नई पीढ़ी की इलेक्ट्रिक कारों को बाजार में उतार सकती है। रेंज रोवर इलेक्ट्रिक में 118 kWh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो 550 पीएस की पावर और 850 एनएम का टॉर्क पैदा करने में सक्षम होगी।
कंपनी के मुताबिक इस लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी का बेहद गर्म और ठंडे मौसम समेत कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में परीक्षण किया जा चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह मॉडल जेएलआर की इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति में अहम भूमिका निभाएगा और प्रीमियम ईवी सेगमेंट में कंपनी की पकड़ को और मजबूत कर सकता है।
नई इलेक्ट्रिक जगुआर को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
पिछले कुछ महीनों से जगुआर ब्रांड की नई पहचान और उसके बड़े बदलावों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। अब कंपनी का कहना है कि,
उसकी आने वाली इलेक्ट्रिक कार ‘जगुआर टाइप 01’ को ग्राहकों की ओर से शुरुआती स्तर पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
जेएलआर के अनुसार,
अब तक 46 हजार से ज्यादा लोगों ने इस कार में रुचि दिखाई है, जबकि 14 हजार से अधिक नए यूजर कंपनी के ऐप से जुड़े हैं। इसके अलावा जगुआर की वेबसाइट पर 4.5 लाख से ज्यादा नई विजिट दर्ज की गई हैं।
ये आंकड़े बताते हैं कि कंपनी की नई इलेक्ट्रिक रणनीति लोगों का ध्यान खींचने में सफल रही है और आने वाले समय में इस मॉडल को लेकर उत्सुकता और बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: मारुति फ्रॉन्क्स के 14 वेरिएंट्स में कौन है असली ‘पैसा वसूल’ SUV? कीमत देख बदल सकता है आपका फैसला
केवल EV पर निर्भर नहीं रहना चाहती कंपनी
जहां कई वाहन कंपनियां पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारों की ओर बढ़ रही हैं, वहीं जेएलआर ने संतुलित रास्ता अपनाने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि वह केवल बैटरी से चलने वाले वाहनों पर निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि डीजल इंजन, प्लग-इन हाइब्रिड और हाइब्रिड तकनीक में भी निवेश जारी रखेगी।
इसके तहत कंपनी अपने मौजूदा प्लेटफॉर्म पर डीजल विकल्पों को बनाए रखने के साथ-साथ प्लग-इन हाइब्रिड मॉडलों की इलेक्ट्रिक ड्राइविंग रेंज बढ़ाने पर भी काम कर रही है। माना जा रहा है कि यह रणनीति उन देशों और बाजारों में कंपनी को फायदा पहुंचा सकती है, जहां अभी इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की रफ्तार उतनी तेज नहीं है।
अगले दो वर्षों में 1.7 बिलियन पाउंड बचाने का लक्ष्य
JLR ने वित्त वर्ष 2027 में करीब 10 करोड़ पाउंड की बचत का लक्ष्य रखा है। वहीं अगले दो साल में कुल 1.7 अरब पाउंड की लागत कम करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए वारंटी से जुड़े खर्चों में कटौती, उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना और नए मॉडलों की लॉन्चिंग को बेहतर तरीके से प्रबंधित करना शामिल है।
कंपनी का मानना है कि इन कदमों से कारोबार की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी, लगभग 3 लाख वाहनों की बिक्री पर ही खर्च और आय का संतुलन बन सकेगा और पिछले वित्त वर्ष में आई चुनौतियों के बाद मुनाफे में भी सुधार देखने को मिलेगा।
