20 अगस्त को बक्सर में लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 142 पदों पर होगी भर्ती; जानें पूरी जानकारी

बक्सर में रोजगार पाने का अच्छा मौका सामने आया है। जिला नियोजनालय की ओर से 20 अगस्त को विशेष रोजगार मेला लगाया जाएगा, जिसमें निजी कंपनियां कुल 142 पदों पर अभ्यर्थियों की भर्ती करेंगी। खास बात यह है कि कुछ नौकरियों में घर से काम करने की सुविधा भी मिलेगी।
कहाँ लगेगा रोजगार मेला?
जिला नियोजनालय की ओर से आयोजित यह विशेष रोजगार मेला 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आयोजन जिला नियोजनालय परिसर में किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार मेले (Buxar Divyang Rojgar Mela 2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग कंपनियों ने अलग पद और योग्यता तय की है। इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता और उम्र से जुड़ी शर्तों को ध्यान से देखना होगा।
मेले में सबसे पहले एलआईसी इंडिया की ओर से बीमा सखी और बीमा सलाहकार के कुल 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 18 से 45 वर्ष की उम्र के अभ्यर्थी पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता दसवीं या उससे अधिक रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों का वेतन साक्षात्कार के आधार पर तय किया जाएगा। इन पदों का कार्यस्थल बक्सर रहेगा।
ये भी पढ़ें: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बडी खुशखबरी। इस सरकारी विभाग में निकली है 455 पदों पर भर्ती
किन पदों पर होगी भर्ती
एबी इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी रोजगार मेले में 42 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। कंपनी डाटा ऑपरेटर, टेली कॉलर और वीडियो क्रिएटर के पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
इन पदों के लिए इंटरमीडिएट और डीसीए योग्यता वाले 18 से 45 वर्ष की उम्र के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। नौकरी के लिए 8 हजार रुपये से 12 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
इन पदों की खास बात यह है कि काम करने के लिए बक्सर के साथ-साथ वर्क फ्रॉम होम का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इससे ऐसे अभ्यर्थियों को फायदा हो सकता है, जिन्हें रोजाना कार्यालय पहुंचने में परेशानी होती है।
इसके अलावा निर्मला जॉब एम्प्लॉयमेंट एजेंसी की ओर से टेली कॉलर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए दसवीं या उससे अधिक योग्यता और 18 से 35 वर्ष की उम्र निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार रुपये से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इस नौकरी में भी घर से काम करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
रोजगार मेले में जाने से पहले ये जरूरी तैयारी करें
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा। उन्हें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और अंक-पत्र की छायाप्रति साथ रखनी होगी। इसके अलावा दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो भी ले जाना जरूरी है।
जॉब कैंप में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थियों का एनसीएस पोर्टल पर नियोजनालय में पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन लोगों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे रोजगार मेले के स्थल पर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा एनसीएस वेबसाइट पर नौकरी चाहने वाले अभ्यर्थी के तौर पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: टेलीकॉम सेक्टर में PLI का बड़ा असर, ₹5,200 करोड़ से ज्यादा निवेश, 32,500 लोगों को मिला रोजगार
जिला नियोजनालय के अनुसार यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। मेले में आने वाली सभी कंपनियां निजी क्षेत्र की हैं। नियुक्ति, नौकरी की शर्तों और रोजगार से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियां संबंधित नियोजक की होंगी। जिला नियोजनालय की भूमिका केवल अभ्यर्थियों और कंपनियों के बीच रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सुविधा देने तक सीमित रहेगी।
इस रोजगार मेले के जरिए बक्सर के दिव्यांग अभ्यर्थियों को एक ही जगह पर अलग-अलग निजी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखना और समय पर जिला नियोजनालय परिसर पहुंचना महत्वपूर्ण होगा।

