Apple Pay भारत में लॉन्च, Axis Bank बना पहला पार्टनर, iPhone से ऐसे कर पाएंगे पेमेंट

Apple Pay India Launch: करीब 12 साल के इंतजार के बाद Apple Pay ने भारत में एंट्री कर ली है। कंपनी ने शुरुआत में Axis Bank के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड को सपोर्ट दिया है। अब यूजर्स iPhone, iPad और Apple Watch से बिना फिजिकल कार्ड निकाले कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे।
12 साल बाद भारत पहुंचा Apple Pay
Apple ने बुधवार को भारत में अपनी Apple Pay सर्विस लॉन्च कर दी। कंपनी ने पहली बार इस पेमेंट सर्विस को सितंबर 2014 में अमेरिका में शुरू किया था। अब करीब 12 साल बाद भारतीय यूजर्स भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। भारत में Apple ने शुरुआत Axis Bank के साथ की है। फिलहाल Axis Bank की ओर से जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है।
कंपनी आगे चलकर दूसरे बैंकों और कार्ड नेटवर्क के लिए भी सपोर्ट बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। Apple Pay फिलहाल iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध है। कंपनी ने बताया है कि आने वाले समय में Mac डिवाइस पर भी भारत में Apple Pay का सपोर्ट मिलेगा।
ये भी पढ़ें: 1 अक्टूबर से बदलेंगे ATM से गैस सिलेंडर तक के नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर; जानिए क्या-क्या बदलेगा
iPhone से कैसे होगा पेमेंट?
Apple Pay का इस्तेमाल कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए किया जा सकता है। इसके लिए NFC तकनीक का इस्तेमाल होता है। इसका मतलब है कि किसी दुकान के PoS मशीन में NFC सपोर्ट होना जरूरी है।
पेमेंट के समय यूजर अपने Apple डिवाइस को NFC वाले PoS टर्मिनल के पास टैप कर सकता है। इसके बाद पेमेंट पूरा हो जाता है। Apple के मुताबिक, इस प्रक्रिया में हर बार कार्ड का फिजिकल इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती।
Apple Pay के जरिए फिजिकल स्टोर पर PoS पेमेंट के अलावा ऑनलाइन मर्चेंट और ऐप के अंदर भी खरीदारी की जा सकती है। इस तरह यूजर्स अपने समर्थित Apple डिवाइस को पेमेंट के लिए इस्तेमाल कर पाएंगे।
Apple Wallet में कार्ड कैसे जोड़ें
Apple Wallet में क्रेडिट कार्ड जोड़ने के लिए यूजर्स को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे। पूरी प्रक्रिया इस तरह है:
1. Wallet ऐप खोलें: सबसे पहले अपने iPhone में Apple Wallet ऐप ओपन करें।
2. ‘+’ बटन पर टैप करें: Wallet ऐप खुलने के बाद स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर दिखाई दे रहे ‘+’ आइकन पर टैप करें।
3. कार्ड का विकल्प चुनें: अब ‘Debit or Credit Card’ विकल्प चुनें और ‘Continue’ पर टैप करें।
4. कार्ड की जानकारी दर्ज करें: इसके बाद अपने कार्ड को iPhone के कैमरे से स्कैन करें। अगर आप चाहें तो ‘Enter Card Details Manually’ विकल्प चुनकर कार्ड का नाम, नंबर और एक्सपायरी डेट खुद भी दर्ज कर सकते हैं।
5. CVV नंबर डालें: कार्ड की जानकारी भरने के बाद कार्ड के पीछे दिया गया 3 अंकों का CVV नंबर दर्ज करें।
6. बैंक से वैरिफिकेशन करें: अब बैंक की ओर से कार्ड की पुष्टि की जाएगी। इसके लिए बैंक से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आ सकता है। स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार वैरिफिकेशन पूरा करें।
वैरिफिकेशन पूरा होने के बाद आपका कार्ड Apple Wallet में जुड़ जाएगा। इसके बाद आप समर्थित जगहों पर Apple Pay के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: ITR भरने वालों के लिए बड़ी राहत! अब 21 नवंबर तक भर सकेंगे रिटर्न, CBDT ने बढ़ाई तारीख
Apple Pay में कार्ड की जानकारी कैसे सुरक्षित रहेगी?
Apple ने Apple Pay में कार्ड और पेमेंट से जुड़ी जानकारी की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी है। कंपनी के अनुसार, वास्तविक कार्ड नंबर न तो Apple के सर्वर पर स्टोर किए जाते हैं और न ही डिवाइस पर सामान्य रूप से सेव रहते हैं।
इसके बजाय Apple एक अलग Device Account Number यानी DAN का इस्तेमाल करता है। यह नंबर एन्क्रिप्ट होकर डिवाइस के Secure Element में स्टोर किया जाता है। Apple के अनुसार Secure Element एक खास सुरक्षा चिप है, जिसे पेमेंट से जुड़ी जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
कंपनी का कहना है कि Apple Pay से होने वाले ट्रांजैक्शन की जानकारी भी Apple अपने पास नहीं रखता। पेमेंट से जुड़ी जानकारी यूजर, मर्चेंट और बैंक या कार्ड जारी करने वाली संस्था के बीच रहती है।
भारत में अभी किन कार्ड्स के साथ चलेगा Apple Pay?
भारत में लॉन्च के साथ Apple Pay अब 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है। कंपनी के मुताबिक, दुनियाभर में यह सर्विस 11,000 से ज्यादा बैंक और नेटवर्क पार्टनर्स के साथ काम करती है। भारत में इसकी शुरुआत अभी Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से हुई है। ऐसे में दूसरे बैंकों के कार्ड और अन्य संभावित पेमेंट विकल्पों के लिए यूजर्स को कंपनी के आगे के ऐलान का इंतजार करना होगा।

