बक्सर: नगर थाना की हाजत से आशिक फरार, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Buxar Police Custody Escape: बक्सर थाना हाजत से युवक फरार, 6 महीने में तीसरी घटना
1 min read

Buxar Police Custody Escape: बक्सर में एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। नगर थाना की हाजत से एक युवक दीवार फांदकर फरार हो गया और पुलिस हाथ मलती रह गई। हैरानी की बात ये है कि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि बीते छह महीनों में तीसरी बार ऐसा मामला सामने आया है। अब सवाल यह है कि आखिर थाना की हाजत इतनी असुरक्षित कैसे हो गई?

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि सोमवार की सुबह बक्सर नगर थाना की हाजत से एक युवक फरार हो गया। फरार युवक की पहचान शहर के खलासी मोहल्ला निवासी फरहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फरहान ने पुलिस को चकमा देते हुए हाजत की दीवार फांद ली और मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और पूरे शहर में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फरहान का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि युवक घर छोड़कर युवती के साथ फरार हो गया।

ये भी पढ़ें: बक्सर में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, गर्दन पर मिले रस्सी के निशान, पति गिरफ्तार

इस मामले में युवती के परिजनों ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पंजाब के लुधियाना से बरामद किया। रविवार की शाम दोनों को बक्सर लाया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया, जबकि फरहान को नगर थाना की हाजत में बंद कर दिया गया था।

मगर पुलिस को शायद यह अंदेशा नहीं था कि युवक इतनी आसानी से सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए फरार हो जाएगा। लिहाजा इस घटना ने नगर थाना की अंदरूनी सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

6 महीने में तीसरी बार हाजत से फरारी

गौरतलब है कि नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के कार्यकाल में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी थाना हाजत से दो आरोपी फरार हो चुके हैं। पहली घटना 5 जून की है, जब कुर्बान अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी करीब एक महीने बाद 8 जुलाई को हो पाई थी।

ये भी पढ़ें: बक्सर में मंदिर के पास खड़ी कार में लगी भीषण आग, देखते ही देखते सब जलकर खाक

इसके बाद दूसरी घटना में मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पकड़ा गया युवक शौचालय जाने का बहाना बनाकर हाजत से गायब हो गया। हैरानी की बात यह है कि इन दोनों मामलों की जांच अब तक पुलिस फाइलों में ही दबी हुई है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बक्सर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे तीखे सवाल

जिले में छह महीने के अंदर तीसरी बार आरोपी का हाजत से फरार होना पुलिस की अंदरूनी सुरक्षा और कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक इन फरारियों में किसी भी पुलिसकर्मी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अब बक्सर पुलिस के सामने यह परीक्षा की घड़ी है कि फरार युवक फरहान को कितनी जल्दी गिरफ्तार किया जाता है और क्या इस बार लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे या यह मामला भी फाइलों में ही दब कर रह जाएगा।

ये भी पढ़ें: नया बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को सीने में मारी गोली

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai is the Founder and Editor-in-Chief of Jai Jagdamba News, a digital news platform covering Bihar and key developments across India. He oversees the publication’s editorial direction, content strategy, and digital growth, with a focus on accurate reporting, local issues, and reader-focused journalism. Committed to maintaining editorial standards and delivering clear, reliable, and relevant news to readers.

View all articles by Veer Rai →