बक्सर: चादर बेचने वाले निकले शातिर चोर, तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.38 लाख रुपये और बाइक बरामद

Buxar Bank Theft Gang Busted
1 min read

बक्सर जिले में बैंक ग्राहकों को निशाना बनाकर रुपये उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। यह गिरोह फेरीवाले बनकर इलाके में घूमता था और बैंक से पैसे निकालने वालों पर नजर रखता था। मौका मिलते ही जेब या बैग से नकदी गायब कर देता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर 1.38 लाख रुपये बरामद किए हैं। आखिर कैसे चलता था यह खेल और कैसे हुआ खुलासा, जानिए पूरी कहानी।

बैंक ग्राहकों पर नजर रखकर करता था वारदात

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से जिले में सक्रिय थे। ये लोग बक्सर में तंबू लगाकर रहते थे और चादर बेचने का काम करते थे। हालांकि यह उनका असली काम नहीं था, बल्कि इसी बहाने वे अलग-अलग बैंक शाखाओं के आसपास घूमते रहते थे।

जब कोई ग्राहक बैंक से बड़ी रकम निकालता था तो आरोपी उसे पहचान लेते थे। इसके बाद उसका पीछा किया जाता था। भीड़भाड़ वाली जगह या सुनसान रास्ते में मौका मिलते ही जेब, बैग या कपड़ों से रुपये निकाल लिए जाते थे।

कई बार लोगों को काफी देर बाद चोरी की जानकारी मिलती थी। जिले में हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिसके कारण पुलिस पहले से सतर्क थी।

ये भी पढ़ें: भारत में बड़ा दांव खेल गया Apple, 100 करोड़ निवेश से बदलेगी बिजली और कचरा प्रबंधन की तस्वीर

संदिग्ध हरकत से खुला राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि,

डुमरांव थाना क्षेत्र के एक बैंक के पास दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए थे। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। जांच में कई अहम जानकारियां सामने आईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा जिले के कोपा गांव निवासी धानु कुमार और दिलीप कुमार, दोनों पिता पप्पू तिवारी, तथा मांझी गांव निवासी विक्की तिवारी पिता दुधनाथ तिवारी के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान तीनों ने हाल के कई मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक अन्य सहयोगी को भी पकड़ा, जिसके पास से नकदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 38 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुराने मामलों का भी हुआ खुलासा

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले अरियांव गांव निवासी शिव कुमार कानू से 48 हजार रुपये उड़ाने की घटना इसी गिरोह ने की थी। शिव कुमार डुमरांव राजगढ़ स्थित पीएनबी बैंक से पैसे निकालकर टेंपो स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक उनके साथ वाहन में बैठे और डीएवी स्कूल के पास उनकी शर्ट की जेब से रुपये निकालकर फरार हो गए थे।

ये भी पढ़ें: बक्सर: 24 घंटे में सुलझी छिनैती की गुत्थी, वारदात में कुख्यात गिरोह का था हाथ, पैसे और कागजात बरामद

इसके अलावा तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी रामेश्वरी देवी से 40 हजार रुपये छीनने की घटना में भी इसी गिरोह (Buxar Bank Theft Gang) की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। धानु कुमार के खिलाफ कुचायकोट थाना में कांड संख्या 362/25 दर्ज है। वहीं विक्की तिवारी पर मांझी थाना में कांड संख्या 49/19 पहले से दर्ज है।

इस कार्रवाई में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एसआई मंगल भूषण पासवान, एसआई प्रियंका कुमारी और डीआईयू टीम की अहम भूमिका रही।

Jai Jagdamba News Whatsapp