तपती गर्मी के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में आंधी-बारिश से मिलेगी राहत
Heatwave Relief India: कई दिनों से पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है। अगर आप भी तपती दोपहर और गर्म हवाओं से परेशान हैं, तो यह खबर राहत देने वाली है। देश के कई हिस्सों में जल्द ही आंधी, तेज हवाएं और बारिश दस्तक देने वाली हैं।
यह बदलाव अचानक और तेज होगा, जिससे कुछ समय के लिए हालात भी बदल सकते हैं। ऐसे में जानना जरूरी है कि आपके इलाके में मौसम कब और कैसे बदलेगा।
कब से बदलेगा मौसम का मिजाज?
बता दें कि 27 अप्रैल से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगेंगे। इस दिन राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। अनुमान है कि इन इलाकों के करीब 30 से 50 प्रतिशत हिस्से प्रभावित होंगे।
इसके बाद 28 से 30 अप्रैल के बीच यह मौसम और ज्यादा सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल जैसे राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। गौरतलब है कि इन दिनों में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्रों में इसका असर देखा जा सकता है।
क्यों हो रहा है मौसम में अचानक बदलाव?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि,
हीटवेव की स्थिति ऐसे बदलाव का कारण बनती है। जब तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं जमीन की ओर बढ़ने लगती हैं। जब ये हवाएं पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय हवाओं के साथ मिलती हैं, तो अंदरूनी इलाकों में चक्रवाती स्थिति बनती है। यही वजह है कि शाम के समय तेज आंधी और तूफान देखने को मिलते हैं।
बता दें की ये तूफान आमतौर पर पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर बढ़ते हैं। हालांकि, ये आंधी-तूफान ज्यादा देर तक नहीं चलते, लेकिन काफी तेज होते हैं। हवा की रफ्तार 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे धूल भरी आंधी उठेगी और फिर 15 से 45 मिनट तक तेज बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी लंबे समय तक जारी रह सकती है।
तापमान में कितनी आएगी गिरावट?
अभी देश के कई हिस्सों में तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। सोमवार तक गर्मी का असर जारी रहेगा, लेकिन मंगलवार शाम से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है। अनुमान है कि सप्ताह के मध्य तक अधिकतम तापमान घटकर 36 से 41 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
हालांकि यह गर्मी के पूरी तरह खत्म होने का संकेत नहीं है। बारिश के बाद नमी बढ़ने से दोपहर के समय उमस महसूस हो सकती है। शाम और रात के समय, खासकर जहां बारिश होगी, वहां मौसम थोड़ा सुहावना हो जाएगा। हालांकि कुछ राज्यों जैसे गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अभी भी गर्मी का असर जारी रह सकता है और वहां बारिश कम होने की संभावना है।
आंधी-तूफान के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाएं कई बार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं, जिससे नुकसान भी हो सकता है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी के समय घर के अंदर रहें और सुरक्षित जगह पर शरण लें। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि,
इन दिनों मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए। सही जानकारी और सावधानी से इस बदलते मौसम का सामना आसानी से किया जा सकता है।
