सोशल मीडिया से हुई दोस्ती और फिर की शादी, अब बंद कमरे में मिली महिला की लाश

करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने परिवार की सहमति से शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद रिश्ते में लगातार तनाव बढ़ने लगा। झांसी में अब इसी दंपती की कहानी ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया।
झगड़े के बाद पति ने मांगा बैग
घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके की है। यहां 27 वर्षीय सुधा उर्फ शिवानी वंशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ की रहने वाली थी। घटना के बाद उसका पति यश ठाकुर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
परिवार के अनुसार, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। दोनों के बीच बहस बढ़ने पर पास में रहने वाले मामा संतोष ने उन्हें समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शिवानी का भाई अनिकेत मामा के घर चला गया, जबकि उसकी बहन मुस्कान अपने कमरे में सोने चली गई।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग और उसमें रखा सामान मांगा। मुस्कान ने उसे बैग दे दिया। परिवार का आरोप है कि सामान लेने के बाद यश ने उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जिसमें शिवानी मौजूद थी और वहां से चला गया।
सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। उसने कई बार शिवानी और यश को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। परिवार के मुताबिक, दोनों के मोबाइल भी बंद थे। करीब आधे घंटे तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद मुस्कान वापस सो गई।
ये भी पढ़ें: बक्सर में सोशल मीडिया लव स्टोरी का दर्दनाक अंत, शादी के बाद रिया की संदिग्ध मौत; श्मशान घाट में मिला शव
कमरे का दरवाजा खुला तो बिस्तर पर पड़ी थी शिवानी
सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। कमरे के बाहर कुंडी लगी देखकर उसने दरवाजा खोला। अंदर शिवानी बिस्तर पर पड़ी थी और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी।
अनिकेत के मुताबिक,
शिवानी के हाथ अकड़े हुए थे और उसके मुंह से खून दिखाई दे रहा था। परिवार के लोग उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया।
घटना (Jhansi Shivani Vanshkar Death) की जानकारी मिलते ही पुलिस भी जांच में जुट गई। सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक,
महिला के गले पर चोट का निशान दिखाई दिया है। शरीर के बाकी हिस्सों पर फिलहाल कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। जांच में कमरे की स्थिति, रात के घटनाक्रम और परिवार के बयानों को भी शामिल किया जा रहा है।
शादी के बाद लगातार बढ़ता गया विवाद
परिवार के मुताबिक, शिवानी की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय यश ठाकुर से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी की इच्छा परिवार के सामने रखी। परिवार की सहमति के बाद दोनों की शादी हो गई।
यश कपड़ों की दुकान पर काम करता था। शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी। हालांकि कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में तनाव आने लगा। शिवानी की बहन मुस्कान का आरोप है कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था और यश कई बार उसकी बहन के साथ मारपीट भी करता था।
विवाद बढ़ने के बाद शिवानी ग्वालियर छोड़कर झांसी आ गई और आवास विकास में फौजी तिराहा के पास किराए के कमरे में रहने लगी। उसके साथ उसकी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी रहते थे। यश का झांसी आना-जाना फिर भी जारी रहा।
ये भी पढ़ें: एक साल पहले हुई थी शादी, अब 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, एक्शन में पुलिस
रक्षाबंधन से एक दिन पहले शिवानी अपने छोटे भाई कपिल के साथ ग्वालियर गई थी। परिवार के मुताबिक, वहां दो दिन रुकने के बाद वह यश के साथ झांसी वापस लौटी थी। इसके बाद रविवार रात फिर दोनों के बीच विवाद हुआ और कुछ घंटे बाद शिवानी की मौत की खबर सामने आई।
फिलहाल परिवार ने पति यश ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यश के फरार होने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि शिवानी की मौत आखिर किस वजह से हुई।

