जून से महंगी हो सकती हैं मारुति की गाड़ियां, Alto से WagonR तक जानिए कितना बढ़ेगा कीमत
नई मारुति सुजुकी कार खरीदने का प्लान बना रहे लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी जल्द ही अपनी कई लोकप्रिय कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। बताया जा रहा है कि जून 2026 से कुछ मॉडल 30 हजार रुपये तक महंगे हो सकते हैं। बढ़ती महंगाई, कच्चे माल की कीमत और ऑपरेशनल खर्च इसके पीछे की बड़ी वजह मानी जा रही है। ऐसे में कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों की चिंता बढ़ सकती है।
जून से मारुति कार खरीदना पड़ सकता है महंगा
देश की बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी Maruti Suzuki India ने जानकारी दी है कि जून 2026 से उसकी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी (Maruti Suzuki Car Price Hike June 2026) की जाएगी। कंपनी के मुताबिक,
अलग-अलग मॉडल के हिसाब से कीमतों में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
कंपनी ने यह भी कहा है कि,
पिछले कई महीनों से लागत को कम करने की लगातार कोशिश की जा रही थी ताकि ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न पड़े। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि बढ़ती लागत का कुछ हिस्सा बाजार में पास करना जरूरी हो गया है।
बता दें कि यह बढ़ोतरी सभी मॉडलों पर एक जैसी नहीं होगी। किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ेगी, यह उसकी लागत और सेगमेंट पर निर्भर करेगा।
आखिर क्यों महंगी हो रही हैं मारुति की कारें?
कंपनी ने बताया कि कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल खर्च में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यही वजह है कि ऑटो सेक्टर की कंपनियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से धातुओं और अन्य जरूरी कमोडिटी की कीमतों में भी तेजी देखी गई है।
मारुति सुजुकी का कहना है कि,
उसने कई स्तरों पर खर्च कम करने के उपाय किए, लेकिन बढ़ती महंगाई और लागत के माहौल में अब कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है। कंपनी का फोकस इस बात पर भी रहेगा कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े।
ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में अन्य कंपनियां भी कीमतों में बदलाव कर सकती हैं, क्योंकि पूरी इंडस्ट्री लागत बढ़ने की चुनौती से जूझ रही है।
पहले भी कई मॉडल्स हो चुके हैं महंगे
मारुति सुजुकी के लिए कारों की कीमत बढ़ाना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले जनवरी 2025 में भी कंपनी ने अपने कई मॉडल्स के दाम बढ़ाए थे। उस समय अलग-अलग कारों की कीमत में करीब 1,500 रुपये से लेकर 32,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। कंपनी ने तब भी बढ़ती उत्पादन लागत और ऑपरेशनल खर्च को इसकी बड़ी वजह बताया था।
फरवरी 2026 में ही कंपनी ने संकेत दे दिए थे कि आने वाले समय में फिर से प्राइस हाइक हो सकता है। खासकर धातुओं और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों में तेजी से ऑटो कंपनियों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
हालांकि, कंपनी ने ग्राहकों को राहत देने की भी कोशिश की थी। सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती के बाद मारुति ने Alto K10, S-Presso, Celerio और Wagon-R जैसी छोटी कारों की कीमतें कम की थीं। इससे पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों को काफी फायदा मिला था। लेकिन अब फिर से कीमत बढ़ने की खबर ने बजट कार खरीदने वालों की चिंता बढ़ा दी है।
