जान बचाने के लिए दर्जी की दुकान में छिपी थी नाबालिग, बदमाशों ने खींचकर मारी गोली; अब CCTV से खुलेगा राज

बिहार में रविवार शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने आसपास के लोगों को हैरान कर दिया। जान बचाने के लिए एक नाबालिग लड़की भागकर दर्जी की दुकान में छिपी थी, लेकिन पीछा कर रहे दो बदमाश वहां भी पहुंच गए। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने लड़की को दुकान से बाहर खींच उसे गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है।
जान बचाने के लिए टेलर की दुकान में छिपी थी लड़की
घटना पटना के दानापुर थाना क्षेत्र की है। रविवार शाम दो बदमाश एक नाबालिग लड़की का पीछा कर रहे थे। अपनी जान बचाने के लिए लड़की भागकर एक टेलर की दुकान में पहुंची और दुकानदार के पीछे छिप गई।
दुकानदार के अनुसार,
लड़की के पीछे-पीछे दोनों आरोपी भी दुकान के अंदर घुस आए। बदमाशों ने उसे रास्ते से हटने की धमकी दी और कहा की अगर उसने बीच में आने की कोशिश की तो उसे भी गोली मार दी जाएगी।
दुकानदार के सामने ही दोनों बदमाश लड़की को जबरन दुकान से बाहर खींचने लगे। लड़की ने बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह नीचे गिर गई। आरोपियों ने उसे निशाना बनाकर कंधे में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: बक्सर के मिलाप होटल में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात
घायल लड़की ने टेलर के मोबाइल से परिवार को दी सूचना
गोली लगने के बाद लड़की घायल अवस्था में दुकान में थी। उसने टेलर के मोबाइल फोन से अपने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल घायल नाबालिग का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गोली उसके कंधे में लगी है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी डर का माहौल बन गया है। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह गोली चलाए जाने से स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर चिंता है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वे दोनों बदमाश कौन थे और नाबालिग लड़की का पीछा क्यों कर रहे थे। पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, बदमाशों की तलाश तेज
घटना (Danapur minor girl shot) की जानकारी मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि,
नाबालिग के कंधे में गोली लगी है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान हो सकती है।
ये भी पढ़ें: 15 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, दो दिन तक चलती कार में दरिंदगी, पवन राय समेत दो गिरफ्तार
थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज के मुताबिक,
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

