तिलक से लौटे और हो गई मौत, दूल्हे के भाई से लेकर हलुवाई तक, 3 दिन में 5 लोगों की गई जान

Rohtas 5 People Suspicious Death
1 min read

बिहार के रोहतास से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बता दें कि जिले के अलग-अलग इलाकों से जुड़े पांच लोगों की मौत हो गई है और हैरानी कि बात है की इन सभी का कनेक्शन एक ही तिलक समारोह से बताया जा रहा है। हालांकि अब तक मौत की असली वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है और जांच तेज कर दी गई है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

तीन दिन में पांच मौतें, दूल्हे के भाई की अचानक गई जान

भोजपुर जिले के तरारी गांव से 14 फरवरी की रात बिक्रमगंज के मठिया निवासी पूजन सिंह के पुत्र का तिलक समारोह धूमधाम से हुआ था और सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन बता दें कि समारोह के महज एक दिन बाद ही दूल्हे के भाई लल्लू सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और 16 फरवरी को उनकी मौत हो गई।

लल्लू सिंह के साथ समारोह में शामिल हुए उनके दो रिश्तेदारों की भी तीन दिनों के भीतर जान चली गई, जबकि तिलक से लौटने के बाद अकोढीगोला के दो रसोइयों की भी मौत हो गई। इस तरह तीन दिनों में पांच मौतों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि अब तक इन मौतों की असली वजह साफ नहीं हो पाई है और परिजन भी खुलकर कुछ नहीं कह रहे हैं, जिससे मामला और रहस्यमय बनता जा रहा है।

जहरीली शराब की आशंका से गरमाया माहौल

रोहतास में हुई इन मौतों के बाद इलाके में जहरीली शराब को लेकर तरह तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग आपस में कह रहे हैं कि हो सकता है तिलक समारोह के दौरान या उसके बाद किसी ने मिलावटी शराब पी ली हो, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई। हालाकी अब तक परिवार की तरफ से ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की गई है और वे खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

प्रशासन ने भी अभी तक शराब को कारण मानते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल यह मामला सिर्फ कयासों और चर्चाओं तक सीमित है, सच्चाई क्या है यह जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

उत्पाद विभाग और प्रशासन की टीम जांच में जुटी

रोहतास में एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही उत्पाद विभाग और जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मठिया गांव में अधिकारियों की टीम पहुंची और परिवार के लोगों से विस्तार से पूछताछ की। सहायक उत्पाद आयुक्त तारिक महमूद ने बताया कि,

घरवालों से बातचीत में कुत्ते के काटने से मौत होने की बात सामने आई है, लेकिन जब तक शव परीक्षण की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक असली कारण बताना संभव नहीं है।

उधर पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी मामले को गंभीर मानते हुए कड़ी जांच के आदेश दिए हैं और एक विशेष जांच दल बनाया गया है। फिलहाल प्रशासन हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है और अंतिम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

गौरतलब है कि अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर है। जब तक रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक यह साफ नहीं हो पाएगा कि मौत की वजह जहरीली शराब थी, कुत्ते के काटने से कोई संक्रमण या फिर कोई अन्य कारण।

फिलहाल रोहतास में यह मामला (Rohtas 5 People Suspicious Death) चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सच्चाई जानने के लिए इंतजार कर रहे हैं, जबकि प्रशासन हर एंगल से जांच करने में जुटा है। आने वाले दिनों में रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझ पाएगी।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai जय जगदम्बा न्यूज के Founder और Editor हैं। उन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है। वे बिहार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के साथ करियर, शिक्षा, नौकरी, राजनीति, धर्म, बिजनेस, टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जैसे विषयों पर गहन और शोध-आधारित लेख प्रकाशित करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल, स्पष्ट और विश्वसनीय भाषा में उपयोगी, तथ्यपरक और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना है, जिससे लोग सही और जागरूक निर्णय ले सकें।

View all articles by Veer Rai →