इराक में बड़ा हादसा! मिशन के दौरान क्रैश हुआ अमेरिकी विमान KC-135, 4 क्रू की मौत

US Military Plane KC-135 Aircraft Crash in Iraq
1 min read

मध्य पूर्व में जारी सैन्य तनाव के बीच एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। इराक में अमेरिकी सेना का एक KC-135 रिफ्यूलिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार छह में से कम से कम चार क्रू सदस्यों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह विमान उस समय मिशन पर था जब यह हादसा हुआ। घटना के बाद अमेरिकी सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

ऑपरेशन के दौरान इराक में गिरा अमेरिकी रिफ्यूलिंग विमान

अमेरिकी सेना के मुताबिक यह KC 135 टैंकर विमान गुरुवार को पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त (KC-135 aircraft crash) हुआ। यह विमान मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य अभियान का हिस्सा था। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि,

विमान में कम से कम छह क्रू सदस्य मौजूद थे। हादसे के बाद उनमें से चार की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि बाकी क्रू सदस्यों की स्थिति के बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि अमेरिकी सैन्य कमान ने साफ किया है कि यह दुर्घटना किसी दुश्मन हमले या फ्रेंडली फायर की वजह से नहीं हुई। यानी विमान पर किसी प्रकार की गोलीबारी या मिसाइल हमला नहीं हुआ था। सेना ने इसे एक बड़ा नुकसान बताते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

दो विमानों का मिशन, एक सुरक्षित लौटा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड, जो मध्य पूर्व क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों की निगरानी करता है, ने बताया कि इस मिशन में दो विमान शामिल थे। इनमें से एक विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया, जबकि दूसरा KC 135 टैंकर विमान पश्चिमी इराक में गिर गया।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे की असली वजह क्या थी। सेना ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। सेंट्रल कमांड ने यह भी कहा कि,

फिलहाल मृत और घायल सैनिकों के परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए कुछ जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की है।

अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच चौथा विमान हादसा

गौरतलब है कि अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद से मध्य पूर्व में तनाव काफी बढ़ गया है। यह अभियान ईरान के खिलाफ चल रहा है और अब तक लगभग दो हफ्तों से अधिक समय हो चुका है।

इस दौरान यह चौथा विमान हादसा है जिसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया गया है। पिछले सप्ताह तीन अमेरिकी लड़ाकू विमान गलती से फ्रेंडली फायर का शिकार हो गए थे। हालांकि उन विमानों के सभी पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे।

बताया जा रहा है कि अब तक इस युद्ध के दौरान सात अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है। वहीं लगभग 140 सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शुरुआती दिनों में छह सैनिक तब मारे गए थे जब कुवैत के एक नागरिक बंदरगाह पर बने ऑपरेशन सेंटर पर ईरानी ड्रोन ने हमला किया था। ये सैनिक लॉजिस्टिक सपोर्ट यूनिट में काम करते थे और सेना को भोजन और उपकरण पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते थे।

60 साल से अधिक पुराना डिजाइन वाला विमान

KC 135 टैंकर विमान अमेरिकी वायुसेना का एक महत्वपूर्ण रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट है। इसका डिजाइन प्रसिद्ध Boeing 707 यात्री विमान पर आधारित है। यह विमान 60 साल से भी अधिक समय से सेवा में है और समय-समय पर इसमें कई तकनीकी अपग्रेड किए गए हैं।

आमतौर पर इस विमान में तीन क्रू सदस्य होते हैं। हालांकि इस मिशन में अतिरिक्त क्रू क्यों मौजूद थे, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

अमेरिकी वायुसेना के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल तक सेना के पास कुल 376, KC 135 टैंकर विमान थे। इनमें से कई सक्रिय सेवा में हैं, जबकि कुछ एयर नेशनल गार्ड और रिजर्व फोर्स में तैनात हैं।

मध्य पूर्व में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच यह हादसा अमेरिका के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट से यह साफ हो सकेगा कि आखिर यह विमान दुर्घटना किस वजह से हुई।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai is the Founder and Editor-in-Chief of Jai Jagdamba News, a digital news platform covering Bihar and key developments across India. He oversees the publication’s editorial direction, content strategy, and digital growth, with a focus on accurate reporting, local issues, and reader-focused journalism. Committed to maintaining editorial standards and delivering clear, reliable, and relevant news to readers.

View all articles by Veer Rai →