महंगाई की मार झेलने के लिए हो जाइए तैयार, साबुन से लेकर खानें के तेल तक सब कुछ होगा महंगा

India Inflation Alert 2026: Soap, Cooking Oil Prices May Rise in India FY2027
1 min read

महंगाई एक बार फिर आपकी जेब पर सीधा असर डालने वाली है। अब सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि घर में रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें भी महंगी होने की तैयारी में हैं। साबुन, कुकिंग ऑयल और गैस जैसी जरूरतें, आने वाले महीनों में आपके खर्च को बढ़ा सकती हैं। हालांकि अभी इसका पूरा असर नहीं दिख रहा, लेकिन संकेत साफ हैं कि जल्द ही हर घर का बजट हिलने वाला है। ऐसे में जानिए कब और कितना बढ़ेगा बोझ।

क्यों बढ़ रही है रोजमर्रा के चीजों की कीमत?

गौरतलब है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे बाजार पर दिखने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है, जबकि रुपये की कमजोरी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर FMCG सेक्टर पर पड़ रहा है।

इसी सेक्टर में साबुन, सोडा और कुकिंग ऑयल जैसी जरूरी चीजें आती हैं, जिन्हें हर घर रोज इस्तेमाल करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियों की लागत तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में कंपनियों के लिए पुराने दाम पर सामान बेचना मुश्किल होता जा रहा है। यही वजह है कि अगर कच्चे माल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो कंपनियां जल्द ही दाम बढ़ाने का फैसला ले सकती हैं।

ये भी पढ़ें: देश में तेल को लेकर नया नियम लागू, अब हर पंप पर मिलेगा E20 पेट्रोल, जानिए आपकी गाड़ी पर इसका असर

कब से शुरू होगा महंगाई का असर?

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच इन चीजों की कीमतों में 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, अभी वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में इसका असर ज्यादा नहीं दिखेगा। इसका कारण यह है कि कंपनियों के पास अभी पुराना स्टॉक मौजूद है।

बता दें कि आमतौर पर कंपनियां 30 से 45 दिनों का कच्चा माल और तैयार सामान अपने पास रखती हैं। जैसे-जैसे यह स्टॉक खत्म होगा, वैसे-वैसे नई कीमतें लागू हो जाएंगी। यानी साफ है कि अगले कुछ महीनों में धीरे-धीरे महंगाई का असर आपकी जेब पर दिखने लगेगा।

गैस सिलेंडर ने पहले ही दिया झटका

इसी बीच, 1 अप्रैल को कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया गया है, जिससे महंगाई (India Inflation Alert 2026) की चिंता और बढ़ गई है। दिल्ली और मुंबई में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 195.50 रुपये बढ़ी है, जबकि कोलकाता में यह बढ़ोतरी 218 रुपये तक पहुंच गई है।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली में अब यह सिलेंडर 2078.50 रुपये और मुंबई में 2031 रुपये का हो गया है। जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 2208 रुपये और चेन्नई में 2246 रुपये पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें: एक घंटे खाना बनाने में कौन सस्ता, गैस या इंडक्शन? जानिए पूरा हिसाब

हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस महीने कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे आम लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। गौरतलब है कि तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर रेट तय करती हैं।

Jai Jagdamba News Whatsapp

One thought on “महंगाई की मार झेलने के लिए हो जाइए तैयार, साबुन से लेकर खानें के तेल तक सब कुछ होगा महंगा

Comments are closed.