पश्चिम बंगाल में BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या, चलती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग

West Bengal BJP Leader Suvendu Adhikari Aide Chandranath Rath Murder Case
1 min read

Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे राज्य की राजनीति को हिला दिया है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की चलती कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही गोलियों की बारिश कर दी।

कैसे हुआ चंद्रनाथ रथ पर हमला?

पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की कार पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि,

चंद्रनाथ अपनी स्कॉर्पियो से गुजर रहे थे, तभी एक संदिग्ध कार काफी देर से उनका पीछा करती रही। कुछ दूर जाकर पीछा कर रही कार अचानक आगे आकर धीमी हो गई, जिससे चंद्रनाथ की गाड़ी को भी रफ्तार कम करनी पड़ी। इसी बीच बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। कई गोलियां सीधे चंद्रनाथ रथ को लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बता दें की चंद्रनाथ को गंभीर लेकिन जीवित हालत में तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। वहीं हमले में घायल ड्राइवर का इलाज कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आए कई अहम सुराग

पश्चिम बंगाल में हुए इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह प्लानिंग के तहत किया गया हमला माना जा रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक,

हमलावर जिस बाइक पर आए थे उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे शक और बढ़ गया है कि आरोपी पहले से तैयारी करके पहुंचे थे।

पुलिस को मौके से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां भी मिली हैं। वहीं, हमले में इस्तेमाल हथियार को लेकर भी बड़ा खुलासा हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि ऑस्ट्रिया में बनी ग्लॉक पिस्टल का इस्तेमाल हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। घटना के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जब्त किया है, जिसकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

इतना ही नहीं, गाड़ी से कारतूस और गोलियां भी बरामद हुई हैं। फिलहाल पुलिस जेसोर रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों तक जल्द पहुंचा जा सके।

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड पर गरमाई बंगाल की राजनीति

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। चंद्रनाथ लंबे समय से राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे और बीजेपी नेताओं का कहना है कि उन्हें सियासी वजहों से निशाना बनाया गया।

बीजेपी नेता सुकांता मजूमदार ने दावा किया कि उनके शरीर से कई गोलियां निकाली गईं, जबकि विधायक तरुणज्योति तिवारी ने राज्य में बढ़ती हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर सवाल उठाए। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि,

लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के बाद राज्य के कई इलाकों से हिंसा और झड़प की खबरें सामने आई हैं। बशीरहाट में भी झंडा लगाने को लेकर विवाद के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। लगातार हो रही इन घटनाओं से कई इलाकों में तनाव बढ़ गया है और अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai जय जगदम्बा न्यूज के Founder और Editor हैं। उन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है। वे बिहार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के साथ करियर, शिक्षा, नौकरी, राजनीति, धर्म, बिजनेस, टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जैसे विषयों पर गहन और शोध-आधारित लेख प्रकाशित करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल, स्पष्ट और विश्वसनीय भाषा में उपयोगी, तथ्यपरक और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना है, जिससे लोग सही और जागरूक निर्णय ले सकें।

View all articles by Veer Rai →

One thought on “पश्चिम बंगाल में BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या, चलती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग

Comments are closed.