पश्चिम बंगाल में बड़ा उलटफेर? BJP बहुमत के पार, 185 सीटों पर बढ़त, भवानीपुर से ममता आगे
West Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना में सोमवार सुबह से ही बड़े राजनीतिक संकेत देखने को मिले। शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए 185 सीटों पर बढ़त बना ली, जबकि तृणमूल कांग्रेस 91 सीटों पर आगे चल रही थी। यह चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। ऐसे में शुरुआती रुझानों ने बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। हालांकि अंतिम नतीजों के लिए अभी कई राउंड की गिनती बाकी है।
BJP की बड़ी बढ़त ने बढ़ाई TMC की चिंता
पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों से शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम वोटों की गिनती आगे बढ़ी और शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने तेज बढ़त बना ली। पार्टी 185 सीटों पर आगे चलती दिखी, जबकि टीएमसी 91 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी।
इन आंकड़ों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं तो बंगाल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बता दें कि साल 2011 से ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी लगातार सत्ता में है।
वहीं चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार बीजेपी को सीमावर्ती इलाकों, आदिवासी क्षेत्रों और औद्योगिक क्षेत्रों में अच्छा समर्थन मिला, जबकि टीएमसी को कोलकाता और कुछ ग्रामीण सीटों पर बढ़त मिली।
भवानीपुर और नंदीग्राम सीट पर सबकी नजर
पश्चिम बंगाल की दो सबसे चर्चित सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम पर मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 16,706 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रही हैं, हालांकि शुरुआती गिनती में यहां कई बार स्थिति बदली और बढ़त इधर से उधर होती रही। पहले चरण में ममता आगे थीं, फिर दूसरे दौर में पीछे हुईं, लेकिन बाद में दोबारा बढ़त हासिल कर ली।
वहीं नंदीग्राम सीट पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी टीएमसी के पबित्र कर से 3,135 वोटों से आगे बताए गए। बता दें कि इन दोनों सीटों को बंगाल की राजनीति में काफी अहम माना जाता है, इसलिए पूरे राज्य की नजर यहां के नतीजों पर टिकी हुई है।
पश्चिम बंगाल चुनाव के शुरुआती रुझानों ने कई दिग्गज नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। टीएमसी के कई बड़े चेहरे पीछे चलते नजर आए, जहां दिनहाटा सीट पर मंत्री उदयन गुहा BJP के अजय राय से पिछड़ते दिखे, वहीं सबंग सीट पर मानस रंजन भुनिया भी दबाव में रहे।
कोलकाता की एक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने मंत्री शशि पांजा पर बढ़त बनाई, जबकि आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल मजबूत स्थिति में दिखीं। टीएमसी ने कसबा, बालीगंज, एंटाली, सिंगुर और रैना जैसी सीटों पर बढ़त बनाए रखी, जिससे साफ है कि मुकाबला अभी खुला हुआ है।
उधर दक्षिण 24 परगना की फलता सीट पर चुनाव आयोग ने मतदान रद्द कर बड़ा फैसला लिया है। आयोग के मुताबिक कई बूथों पर गंभीर गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। अब सबकी नजर अंतिम नतीजों पर टिकी है।
