अब बिना इंटरनेट भी कर सकेंगे UPI पेमेंट, NPCI ला रहा है नया फीचर, जानें कैसे करेगा काम?
NFC UPI Payment: अगर आपके फोन में इंटरनेट अचानक बंद हो जाए, तो क्या आप UPI से पेमेंट कर पाएंगे? अब इसका जवाब “हां” हो सकता है। NPCI एक ऐसे नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से बिना इंटरनेट भी दुकानों पर सिर्फ फोन टैप करके ₹2,000 तक का भुगतान किया जा सकेगा। यह सुविधा खासकर फ्लाइट, मेट्रो और कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
बिना इंटरनेट UPI पेमेंट कैसे करेगा काम?
NPCI जिस नई सुविधा पर काम कर रहा है, वह NFC (Near Field Communication) तकनीक पर आधारित होगी। इस तकनीक की मदद से यूजर अपने NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को Point of Sale (PoS) मशीन पर टैप करके भुगतान कर सकेंगे।
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए सबसे पहले यूजर को इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे जोड़ने होंगे। इसके बाद यदि इंटरनेट उपलब्ध नहीं भी है, तब भी उसी बैलेंस का इस्तेमाल करके ऑफलाइन भुगतान किया जा सकेगा।
ऑफलाइन ट्रांजैक्शन (NFC UPI Payment) के दौरान यूजर को इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी और न ही UPI PIN दर्ज करना पड़ेगा। भुगतान की जानकारी PoS मशीन सुरक्षित तरीके से सेव कर लेगी। जैसे ही फोन या PoS मशीन दोबारा इंटरनेट से जुड़ेगी, ट्रांजैक्शन की जानकारी बैंक तक पहुंच जाएगी और भुगतान पूरा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: अब मोबाइल टावर की जरूरत होगी खत्म, दुनिया के 46% स्मार्टफोन में आएगी सैटेलाइट कॉलिंग सुविधा
₹2,000 की लिमिट क्यों रखी गई?
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नई सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम ₹2,000 तक का ऑफलाइन भुगतान किया जा सकेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सीमा तय की गई है।
फिलहाल ऑफलाइन UPI भुगतान की सीमा ₹500 तक है। नए फीचर के लागू होने के बाद यह सीमा बढ़कर ₹2,000 हो सकती है, जिससे छोटे-मोटे खर्चों का भुगतान और आसान हो जाएगा।
बताया जा रहा है कि NPCI वर्ष 2026 से प्रमुख कंपनियों द्वारा बनाए गए PoS टर्मिनलों का प्रमाणन शुरू कर सकता है, ताकि वे ऑफलाइन UPI भुगतान को सपोर्ट कर सकें। इसके साथ ही NPCI बैंकों और Paytm, Google Pay जैसे थर्ड पार्टी UPI ऐप्स के साथ भी इस फीचर को जोड़ने पर काम कर रहा है।
किन लोगों के लिए सबसे उपयोगी होगा यह फीचर?
यह सुविधा उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है, जो ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं या यात्रा करते हैं, जहां इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क अक्सर उपलब्ध नहीं होता। उदाहरण के लिए, हवाई यात्रा के दौरान, भूमिगत मेट्रो स्टेशनों में या दूरदराज के इलाकों में यह फीचर काफी मददगार हो सकता है। ऐसे समय में केवल फोन को PoS मशीन पर टैप करके भुगतान किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: FD से आगे निकलीं ये 3 सरकारी निवेश योजनाएं, सुरक्षित रिटर्न के साथ टैक्स बचाने का भी मौका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ मामलों में उड़ानों के दौरान क्रेडिट और डेबिट कार्ड के उपयोग पर भी सीमाएं होती हैं। ऐसे में छोटी रकम के भुगतान के लिए ऑफलाइन UPI एक सुविधाजनक विकल्प बन सकता है।
भारत में UPI का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। जून 2026 में UPI के जरिए 22.72 अरब से अधिक ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए। ऐसे में ऑफलाइन UPI भुगतान की यह नई सुविधा डिजिटल पेमेंट को और अधिक आसान, तेज और अधिक लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
