रेलवे का जनरल टिकट लेकर ये गलती की तो भरना पड़ेगा 500 रुपये जुर्माना, मोबाइल वाला टिकट भी नहीं चलेगा

Railway General Ticket Rule 2026: रेलवे के जनरल टिकट को लेकर ऐसा नियम सामने आया है, जिसे नजरअंदाज करना आपको महंगा पड़ सकता है। RailOne से बुक टिकट का सिर्फ स्क्रीनशॉट या WhatsApp पर मिला टिकट दिखाना काफी नहीं होगा। आखिर टिकट दिखाने का सही तरीका क्या है और कब लग सकता है 500 रुपये का जुर्माना? यात्रा से पहले जानिए रेलवे का पूरा नियम।
सिर्फ बुकिंग वाले मोबाइल में मान्य होगा RailOne टिकट
रेलवे के अनुसार, RailOne ऐप के जरिए बुक किया गया अनरिजर्व टिकट तभी मान्य होगा, जब यात्री उसी मोबाइल फोन में ऐप खोलकर टिकट दिखाए, जिससे टिकट की बुकिंग की गई है। अगर टिकट किसी दूसरे व्यक्ति के फोन से बुक किया गया है और बाद में WhatsApp या किसी अन्य माध्यम से आपके मोबाइल पर भेज दिया गया है, तो उसे वैध टिकट नहीं माना जाएगा।
वेस्टर्न रेलवे के कोटा डिविजन के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि,
डिजिटल जनरल टिकट दिखाने के लिए टिकट बुक करने वाला मोबाइल फोन यात्री के पास होना जरूरी है। यात्रा के दौरान भी यात्री को वही फोन अपने साथ रखना चाहिए।
यह नियम उन यात्रियों के लिए खास तौर पर जरूरी है, जो टिकट बुक करने के बाद उसका स्क्रीनशॉट लेकर रखते हैं या उसे किसी दूसरे मोबाइल पर भेज देते हैं। ऐसे तरीके से टिकट दिखाने पर यात्री को परेशानी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: अब Tatkal टिकट बुकिंग होगी फटाफट! IRCTC का नया सिस्टम सिर्फ 1 मिनट में कर देगा 1 लाख से ज्यादा टिकट बुक
स्क्रीनशॉट या WhatsApp टिकट नहीं माना जाएगा वैध
रेलवे ने साफ किया है कि RailOne ऐप से बुक किए गए टिकट की सिर्फ फोटो या स्क्रीनशॉट को वैध टिकट नहीं माना जाएगा। टिकट जांच के समय उसी ऐप में जाकर डिजिटल टिकट दिखाना होगा, जिसमें उसकी बुकिंग की गई है।
इसी तरह, अगर किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से जनरल टिकट बुक किया और उसे WhatsApp के जरिए दूसरे यात्री को भेज दिया, तो दूसरा व्यक्ति उस टिकट के आधार पर यात्रा नहीं कर सकता। डिजिटल टिकट की वैधता के लिए बुकिंग वाला रजिस्टर्ड मोबाइल फोन महत्वपूर्ण है।
यात्रा के दौरान मोबाइल फोन चालू हालत में होना चाहिए और उसमें पर्याप्त बैटरी भी होनी चाहिए। टिकट चेक करने वाले कर्मचारी के सामने यात्री को RailOne ऐप खोलकर टिकट दिखाना पड़ सकता है। अगर मोबाइल बंद है या उसकी बैटरी खत्म हो गई है, तो टिकट दिखाने में परेशानी हो सकती है।
ट्रेन में चढ़ने से पहले बुक करें टिकट
रेलवे ने यात्रियों को साफ किया है कि जनरल टिकट यात्रा शुरू करने से पहले ही बुक होना चाहिए। बोर्डिंग स्टेशन पहुंचने के बाद टिकट बनाकर ट्रेन में चढ़ना सही प्रक्रिया नहीं है। इसी तरह टिकट चेकिंग स्टाफ को देखने के बाद मोबाइल से टिकट बुक करने की कोशिश भी मान्य नहीं होगी।
यात्री को ट्रेन में सवार होने से पहले अपना वैध टिकट तैयार रखना चाहिए। RailOne ऐप से टिकट बुक करते समय रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और उसी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना जरूरी है। यात्रा के दौरान भी टिकट बुक करने वाला फोन अपने साथ रखना चाहिए।
ये भी पढ़ें: वेटिंग टिकट से परेशान? अब बिना कन्फर्म सीट के भी कर पाएंगे यात्रा, रेलवे की ये सुविधा सफर बनाएगी आसान
बिना टिकट यात्रा पर अब 500 जुर्माना
रेलवे ने बिना उचित टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने में भी बदलाव किया है। 19 जून 2026 से यह जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। ऐसे में जनरल टिकट को लेकर की गई छोटी सी लापरवाही भी यात्री की जेब पर भारी पड़ सकती है।
यात्रियों के लिए बेहतर यही है कि सफर शुरू करने से पहले RailOne ऐप से अपने रजिस्टर्ड मोबाइल फोन पर जनरल टिकट बुक करें। टिकट का स्क्रीनशॉट रखने या उसे WhatsApp के जरिए किसी दूसरे फोन पर भेजने के बजाय बुकिंग वाले फोन में ऐप खोलकर टिकट दिखाएं। इससे टिकट जांच के दौरान परेशानी और जुर्माने से बचने में मदद मिलेगी।

