₹22,999 में Infinix Hot 70 Pro भारत में लॉन्च, 50MP कैमरा और 6000mAh बैटरी के साथ मिला अनोखा फीचर

Infinix ने भारतीय बाजार में अपना नया 5G स्मार्टफोन Hot 70 Pro 5G लॉन्च कर दिया है। फोन की सबसे खास बात इसका Active Matrix Cube है, जो फोन को उल्टा रखने पर भी कॉल, मैसेज और बैटरी जैसी जानकारी दिखा सकता है। इसके अलावा फोन में 144Hz डिस्प्ले, Dimensity 7100 5G प्रोसेसर और 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है।
Infinix Hot 70 Pro स्पेसिफिकेशन
Infinix Hot 70 Pro 5G में 6.76 इंच का Full HD+ पंच-होल डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन 144Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट को सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार डिस्प्ले की HBM ब्राइटनेस 910 निट्स तक है और इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 91.86 प्रतिशत तक है।
फोन की स्क्रीन में Eye Care फीचर भी दिया गया है। इसके अलावा Motion Sickness Relief फीचर मिलता है, जिसका उद्देश्य स्क्रीन देखने के दौरान होने वाली परेशानी को कम करना है।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 7100 5G चिपसेट के साथ Mali-G57 GPU दिया गया है। कंपनी का दावा है कि लोकप्रिय गेम्स में फोन 90fps तक गेमिंग को सपोर्ट कर सकता है। Infinix के अनुसार, इस डिवाइस ने AnTuTu पर 780,000 से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। फोन में UFS 2.2 स्टोरेज का इस्तेमाल किया गया है।
सॉफ्टवेयर और अपडेट
यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित XOS 16 पर चलता है। कंपनी ने तीन बड़े OS अपग्रेड और पांच साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
कैमरा
कैमरा सेटअप की बात करें तो पीछे 50 मेगापिक्सल का Sony IMX882 मुख्य कैमरा दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर मिलता है और यह 2X लॉसलेस जूम सपोर्ट करता है। कैमरा AI Live Photo, AI Eraser, AI Extender और One-Tap Vlog Mode जैसे फीचर्स के साथ आता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
बैटरी और चार्जिंग
पावर बैकअप के लिए फोन में 6,000mAh की बैटरी है। यह 45W FastCharge और 10W रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, फोन करीब 25 मिनट में 50 प्रतिशत और लगभग 63 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो सकता है।
Hot 70 Pro का डिजाइन
Infinix Hot 70 Pro 5G को चार आकर्षक रंगों में पेश किया गया है। इनमें Silk Glow Purple, Dive Blue, Thermo Orange और Mirage Green शामिल हैं। फोन के डिजाइन की सबसे खास बात इसका रियर पैनल है, जहां कंपनी ने Active Matrix Cube (AMC) दिया है। यह फीचर फोन को पीछे से एक अलग लुक देता है और अलग-अलग मौकों पर विजुअल इफेक्ट भी दिखाता है।
Active Matrix Cube सिर्फ फोन की खूबसूरती बढ़ाने वाला एलिमेंट नहीं है। यह इनकमिंग कॉल, मैसेज, चार्जिंग और लो बैटरी जैसी स्थितियों में अलग-अलग विजुअल इफेक्ट दिखा सकता है। फोन को स्क्रीन नीचे करके रखने पर भी AMC के जरिए इनकमिंग कॉल और मैसेज से जुड़े इफेक्ट दिखाई दे सकते हैं।
इसके अलावा कैमरा इस्तेमाल करने, वीडियो चलाने, काउंटडाउन और मौसम से जुड़े अलर्ट के दौरान भी Active Matrix Cube काम करता है। फोन स्टार्ट होने के समय, म्यूजिक सुनते हुए और गेमिंग के दौरान यह एम्बिएंट लाइटिंग इफेक्ट भी दिखा सकता है।
इस तरह Infinix ने Hot 70 Pro 5G के रियर डिजाइन में Active Matrix Cube को शामिल करके इसे सिर्फ एक सजावटी फीचर तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे फोन के इंटरैक्टिव डिजाइन का हिस्सा बनाया है।
Infinix Hot 70 Pro 5G की कीमत और उपलब्धता
Infinix Hot 70 Pro 5G को भारत में 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल के लिए 22,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया है। कंपनी के मुताबिक यह कीमत शुरुआती ऑफर के तौर पर है और इसमें बैंक ऑफर भी शामिल हैं। फोन को 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में भी खरीदा जा सकेगा।
फोन की बिक्री Flipkart के साथ देशभर के रिटेल स्टोर्स के जरिए की जाएगी। कंपनी ग्राहकों को नौ महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी देगी।

