बैंक में नौकरी का बड़ा मौका! Bank of Baroda ने निकाली 1100 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू

Bank of Baroda Recruitment 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बैंक ने वेल्थ एग्जीक्यूटिव और क्रेडिट एनालिस्ट के 1,100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। लेकिन आवेदन से पहले जान लें योग्यता, परीक्षा और नेगेटिव मार्किंग से जुड़ी जरूरी बातें।
किन पदों पर होगी भर्ती?
बैंक ऑफ बड़ौदा की इस भर्ती के जरिए संगठन में कुल 1100 पद भरे जाएंगे। इनमें सबसे ज्यादा 1000 पद Wealth Executive के हैं। इसके अलावा Credit Analyst-C & IC के लिए 100 पद निर्धारित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। यानी स्नातक डिग्री रखने वाले योग्य उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन एक से अधिक चरणों में किया जा सकता है। सबसे पहले आवेदन की जांच की जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट या चयन के लिए उपयुक्त समझी जाने वाली कोई अन्य परीक्षा आयोजित की जा सकती है। इसके बाद उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन और/या इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है। जरूरत के अनुसार इंटरव्यू के कई राउंड भी हो सकते हैं।
साइकोमेट्रिक टेस्ट और/या पर्सनल इंटरव्यू के जरिए उम्मीदवार के व्यक्तित्व, बातचीत करने की क्षमता, समस्या को हल करने की क्षमता, नए तरीके से सोचने की क्षमता और काम के प्रति दक्षता जैसी बातों का आकलन किया जा सकता है। इसके अलावा देश के किसी भी हिस्से में काम करने की इच्छा और संबंधित पद के लिए उम्मीदवार की उपयुक्तता भी देखी जा सकती है।
ऑनलाइन टेस्ट का पैटर्न और नेगेटिव मार्किंग
ऑनलाइन टेस्ट में कुल 120 सवाल होंगे और परीक्षा 120 अंकों की होगी। उम्मीदवारों को पेपर हल करने के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा। प्रश्नपत्र को चार हिस्सों में बांटा जाएगा। इसमें English Language, Reasoning Ability & Quantitative Aptitude, General/Economic & Banking Awareness और पद से संबंधित Professional Knowledge शामिल होंगे।
इस परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए उस सवाल के निर्धारित अंक का 0.25 हिस्सा काट लिया जाएगा। वहीं, अगर उम्मीदवार किसी सवाल को खाली छोड़ देता है और उसका कोई उत्तर नहीं देता, तो उस सवाल के लिए कोई नकारात्मक अंक नहीं काटा जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
| उम्मीदवार वर्ग | आवेदन शुल्क |
|---|---|
| सामान्य | 850 रुपये |
| EWS | 850 रुपये |
| OBC | 850 रुपये |
| SC, ST, PWBD, ESM | 175 रुपये |
| महिला उम्मीदवार | 175 रुपये |
आवेदन शुल्क या सूचना शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। यह शुल्क ऑनलाइन टेस्ट आयोजित हो या नहीं, उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए चुना जाए या नहीं, दोनों ही स्थिति में लागू रहेगा।
फॉर्म कैसे भरें?
- Bank of Baroda की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाएं।
- Careers सेक्शन खोलकर SO Recruitment से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।
- निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- फीस जमा करने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट करें।
- आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
- भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए आवेदन की हार्ड कॉपी सुरक्षित रखें।
इस भर्ती के जरिए बैंक ऑफ बड़ौदा में 1100 पदों पर नियुक्ति का मौका मिल रहा है। ऐसे में पात्र उम्मीदवार आवेदन की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 से पहले जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आधिकारिक नोटिफिकेशन के लिए उम्मीदवारों को Bank of Baroda की आधिकारिक वेबसाइट देखनी चाहिए।

