प्रेमी ने नहर में फेंकी शादीशुदा प्रेमिका, 150 KM दूर मिला शव; अंतिम संस्कार के 12 दिन बाद खुला हत्या का राज

Randeep Kaur Murder Case: 23 वर्षीय शादीशुदा युवती अचानक लापता हुई, लेकिन कई दिनों तक परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। फिर करीब 150 किलोमीटर दूर नहर से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ और पहचान नहीं होने पर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो फोटो और कपड़ों से पहचान हुई। इसके बाद सामने आए आरोपों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
सात सितंबर को घर से ले गया था आरोपी
पातड़ां थाना पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय रणदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी शुतराणा निवासी अजय कुमार है। रणदीप कौर का अपने पति मनीष कुमार से तलाक नहीं हुआ था। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 से वह अजय कुमार के साथ रह रही थी।
रणदीप और अजय के दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र करीब ढाई साल और आठ महीने बताई गई है। अजय कुल्चे बेचने का काम करता था। शिकायत में रणदीप की दादी मनजीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले अजय ने रणदीप के साथ मारपीट भी की थी।
दादी के मुताबिक, सात सितंबर की सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच अजय रणदीप को उसके मना करने के बावजूद अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। परिवार ने अजय के घर जाकर रणदीप के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वहां भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
नहर में मिला शव
परिवार रणदीप की तलाश कर रहा था, तभी हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक अज्ञात युवती का शव मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर की सुबह करीब आठ बजे गांव ललौडा के पास भाखड़ा नहर से एक युवती का शव बरामद किया गया था।
यह शव पटियाला से करीब 150 किलोमीटर दूर मिला था। उस समय युवती की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रणदीप की दादी 19 सितंबर को थाना सदर टोहाना पहुंचीं। वहां पुलिस ने उन्हें अज्ञात युवती की फोटो दिखाई। फोटो और कपड़ों के आधार पर परिवार ने शव की पहचान रणदीप कौर के रूप में की। परिवार को उसकी अस्थियां भी नहीं मिल सकीं। इस जानकारी के सामने आने के बाद परिवार ने आरोप लगाया कि जिस युवती का अंतिम संस्कार अज्ञात शव के रूप में किया गया, वह रणदीप ही थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने अजय को किया गिरफ्तार
रणदीप कौर की दादी ने पुलिस को दी शिकायत में अजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, अजय रणदीप को अपने साथ ले गया और शुतराणा के पास भाखड़ा नहर के किनारे पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने अंधेरे का फायदा उठाकर रणदीप का गला दबाया और फिर उसे नहर में फेंक दिया।
परिवार का आरोप है कि नहर के तेज बहाव में शव बहकर हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र तक पहुंच गया। वहां शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पातड़ां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलू स्पष्ट हो सकेंगे।

