बक्सर में शराब तस्करी का बड़ा भंडाफोड़! दो लग्जरी कारों से 185 लीटर विदेशी शराब जब्त; 3 तस्कर गिरफ्तार

बिहार के बक्सर जिले में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही दो लग्जरी कारों से 185.76 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन अंतरजिला तस्करों को भी रंगे हाथ दबोचा है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
नया भोजपुर-आरा लिंक मार्ग पर हुई कार्रवाई
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बुधवार को नया भोजपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप बक्सर के रास्ते पटना ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर नया भोजपुर-आरा लिंक मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद वहां से गुजर रही दो संदिग्ध सफेद रंग की टाटा नेक्सन कारों को रोककर जब तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। दोनों गाड़ियों की सीटों के नीचे और डिक्की में छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की कुल 185.76 लीटर विदेशी शराब बरामद (Buxar 185 Liter Liquor Seizure) की गई।
ये भी पढ़ें: बक्सर में पिस्टल और देसी कट्टों के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार, नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी
पटना और नालंदा के हैं गिरफ्तार तस्कर
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें:
- गौतम कुमार (निवासी – चांदमारी रोड, कंकड़बाग थाना क्षेत्र, पटना)
- कुंदन कुमार (निवासी – चांदमारी रोड, कंकड़बाग थाना क्षेत्र, पटना)
- सोनू कुमार (निवासी – अरपा गांव, हिलसा थाना क्षेत्र, नालंदा)
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये तस्कर यूपी के बयासी से शराब की यह खेप उठाकर पटना खपाने ले जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड कौन है और पटना में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
बिना नंबर प्लेट की कार और 6 मोबाइल खोल सकते हैं राज
तस्करों के पास से पुलिस ने 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि इन मोबाइल्स के कॉल डिटेल्स (CDR) और व्हाट्सएप चैट्स को खंगाला जा रहा है, जिससे इस तस्करी नेटवर्क के अन्य चेहरों और ‘बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज’ का खुलासा हो सके।
ये भी पढ़ें: रात में गूंजी चीख और सुबह मिली लाशें, जानिए बक्सर में हुवे स्कॉर्पियो हादसे की पूरी आपबीती
खास बात यह है कि पकड़ी गई दोनों कारों में से एक पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी, जबकि दूसरी कार पर उत्तर प्रदेश का रजिस्ट्रेशन नंबर (UP 14 DM 2400) दर्ज है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना नंबर की गाड़ी कहीं चोरी की तो नहीं है या इसका इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक साजिश में किया जा रहा था। फिलहाल, तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

