पवन सिंह तलाक केस में नया मोड़! कोर्ट में नहीं पहुंचे दोनों पक्ष, अब 12 करोड़ की मांग
Pawan Singh Jyoti Singh Dispute: पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक केस में एक बार फिर बड़ा मोड़ सामने आया है। आरा कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद मामला अचानक चर्चा में आ गया है। दोनों पक्षों की गैरहाजिरी और 12 करोड़ रुपये की कथित मांग ने इस विवाद को और भी सुर्खियों में ला दिया है। बता दें कि यह केस लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब नए खुलासों ने लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।
कोर्ट में गैरहाजिरी से फिर अटका केस, फैसला अभी दूर
पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक मामले की सुनवाई 5 मई को आरा कोर्ट में हुई, लेकिन इस बार भी दोनों ही पक्ष कोर्ट में मौजूद नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि अपने-अपने काम में व्यस्त होने की वजह से दोनों पेश नहीं हुए, जिसके चलते सुनवाई एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई और कोर्ट ने नई तारीख तय कर दी।
यह पहली बार नहीं है जब केस टला हो, इससे पहले भी कई बार सुनवाई आगे बढ़ चुकी है और मामला लगातार लंबा खिंचता जा रहा है। इस बीच ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडे ने कहा कि,
अगर आगे भी दोनों पक्ष कोर्ट में नहीं आते हैं तो केस ऐसे ही चलता रहेगा और तारीखें मिलती रहेंगी, लेकिन लगातार गैरहाजिरी की स्थिति में कोर्ट केस को खारिज भी कर सकता है।
कोर्ट के फैसले से पहले 12 करोड़ की मांग
पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है, जिसने पूरे मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है। पहले खबर आई थी कि ज्योति सिंह की तरफ से 10 करोड़ रुपये गुजाराभत्ता की मांग की गई है, लेकिन उस समय उन्होंने इस बात से साफ इनकार कर दिया था।
अब ताजा सुनवाई के बाद उनके वकील ने कहा है कि 12 करोड़ रुपये की मांग रखी गई है। इस बयान के बाद मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है। वकील का कहना है कि,
शादी को सात साल हो चुके हैं, ऐसे में इतने लंबे रिश्ते के बाद गुजाराभत्ता की मांग गलत नहीं मानी जा सकती। पवन सिंह की आर्थिक स्थिति मजबूत है, इसलिए उनके स्टेटस के हिसाब से ज्योति सिंह को उचित गुजाराभत्ता मिलना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अंतिम फैसला कोर्ट ही करेगा। इसके अलावा यह भी दावा किया गया है कि पवन सिंह ने पहले की एक याचिका से जुड़ी रकम अभी तक नहीं चुकाई है, जिसे एंट्री मेंटेनेंस बताया जा रहा है।
कोर्ट तक कैसे पहुंचा पवन सिंह और ज्योति सिंह का मामला?
पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी साल 2019 में हुई थी, जो पवन सिंह की दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी नीलम सिंह से हुई थी। हालांकि, शादी के कुछ साल बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें आने लगीं और धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि बात कोर्ट तक पहुंच गई। अब दोनों के बीच तलाक को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है, जो अभी तक खत्म नहीं हो पाई है।
पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े और मशहूर कलाकार हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग काफी मजबूत है, इसलिए उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी हर खबर तेजी से सुर्खियों में आ जाती है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि अगली सुनवाई में दोनों पक्ष कोर्ट में पेश होते हैं या नहीं, क्योंकि अगर दोनों मौजूद रहते हैं तो मामले में कोई नई दिशा मिल सकती है, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह विवाद और भी लंबा खिंच सकता है।
