दिनदहाड़े हाईवे पर चली गोली, कार में मिली मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर की लाश

Mukhtar Ansari gang shooter Shoaib Kidwai Death
1 min read

Shoaib Kidwai Death: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर अपराध ने सिर उठाया है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने इलाके में सनसनी फैला दी। बता दें कि मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शूटर बॉबी उर्फ शोएब किदवई की कार में गोलियों से छलनी लाश मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आखिर कौन थे हमलावर और क्यों बनाया गया निशाना, यह सवाल अब हर किसी के मन में है।

हाईवे पर कार में मिला शूटर का शव

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब असैनी मोड़ के पास खड़ी एक नीली कार में शूटर का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस के मुताबिक यह शव मुख्तार अंसारी गैंग के सदस्य बॉबी उर्फ शोएब किदवई का था, जिसे गोलियों से भून दिया गया।

बता दें कि दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच सूचना मिली थी कि कार में एक व्यक्ति मृत हालत में पड़ा है, मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बॉबी ड्राइवर सीट पर बैठा था और उसके शरीर में कई गोलियों के निशान थे।

ये भी पढ़ें: बड़े भाई की मौत के बाद राजेश ने खुद को मारी गोली, बोला बर्दाश्त नहीं हो रही भाई की मौत

हालांकि हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दो बाइक सवार बदमाश कार के पास आए, ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पोस्टमॉर्टम से साफ होगी गोलियों की संख्या

पुलिस बॉबी को तुरंत जिला ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आनंद ने बताया कि बॉबी को करीब 1 बजकर 52 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर में कई गोलियां लगी थीं, हालांकि सही संख्या पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि,

मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। इसके साथ ही राहगीरों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ हो रही है।

ये भी पढ़ें: 14 साल बाद बेटे ने लिया पिता की मौत का बदला, राहुल ने हत्यारे को गोलियों से भूना

बता दें कि अभी तक हमलावरों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

कौन था बॉबी उर्फ शोएब किदवई?

बॉबी उर्फ शोएब किदवई को माफिया मुख्तार अंसारी के गिरोह का सक्रिय शूटर माना जाता था और वह पहले भी गिरोह से जुड़े कई मामलों को लेकर चर्चा में रह चुका था, हालांकि उसकी हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या गिरोहों की आपसी दुश्मनी, इस पर अभी तक पुलिस की ओर से कोई साफ बयान नहीं आया है।

गौरतलब है कि पूर्वांचल क्षेत्र में समय-समय पर गैंगवार की घटनाएं सामने आती रही हैं, ऐसे में इस वारदात को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन जांच एजेंसियां फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुंची हैं। दिनदहाड़े लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर हुई इस गोलीकांड की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है, स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने व्यस्त रास्ते पर इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: चौसा में दिनदहाड़े राजद कार्यकर्ता की हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने अर्जुन यादव को मारी 3 गोली

हालाकी घटना के बाद पुलिस ने हाईवे पर गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं, लेकिन यह घटना एक बार फिर बताती है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और बॉबी की हत्या से जुड़े कई सवालों के जवाब अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद ही साफ हो पाएंगे।

Jai Jagdamba News Whatsapp

About the Author

Veer Rai

Founder & Editor, जय जगदम्बा न्यूज

Veer Rai जय जगदम्बा न्यूज के Founder और Editor हैं। उन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है। वे बिहार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के साथ करियर, शिक्षा, नौकरी, राजनीति, धर्म, बिजनेस, टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जैसे विषयों पर गहन और शोध-आधारित लेख प्रकाशित करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल, स्पष्ट और विश्वसनीय भाषा में उपयोगी, तथ्यपरक और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना है, जिससे लोग सही और जागरूक निर्णय ले सकें।

View all articles by Veer Rai →