3 अगस्त से बदलेंगे शेयर बाजार के टाइमिंग, अब 3:30 बजे नहीं खत्म होगी ट्रेडिंग, जानिए नए नियम

Stock Market New Timing 2026: सोमवार 3 अगस्त से भारतीय शेयर बाजार में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर खासकर उन निवेशकों और ट्रेडर्स पर पड़ेगा जो F&O (फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस) में कारोबार करते हैं। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने क्लोजिंग प्राइस तय करने और ट्रेडिंग समय में बदलाव का फैसला किया है।
F&O शेयरों के लिए लागू होगा नया क्लोजिंग ऑक्शन सिस्टम
SEBI ने F&O के लिए पात्र (Category I) शेयरों में नया Closing Auction Session (CAS) लागू करने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य शेयरों की क्लोजिंग कीमत को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से तय करना है। नए सिस्टम के तहत नियमित ट्रेडिंग पहले की तरह दोपहर 3:15 बजे तक चलेगी। इसके बाद 3:15 बजे से 3:20 बजे तक ट्रांजिशन पीरियड रहेगा। इसके बाद क्लोजिंग ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू होगी।
CAS Order Entry का पहला चरण 3:20 बजे से 3:25 बजे तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 3:25 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद 3:30 बजे से 3:35 बजे तक ऑर्डर मैचिंग की जाएगी और इसी प्रक्रिया से तय हुई कीमत संबंधित F&O शेयरों की आधिकारिक क्लोजिंग प्राइस मानी जाएगी।
SEBI का कहना है कि,
इस व्यवस्था से बाजार में बेहतर प्राइस डिस्कवरी होगी, निवेशकों को समान अवसर मिलेगा, लिक्विडिटी बढ़ेगी और निष्क्रिय (Passive) फंड्स की ट्रैकिंग में होने वाली त्रुटियां कम होंगी।
यह बदलाव भारतीय बाजार को वैश्विक मानकों के और करीब ले जाने की दिशा में भी एक कदम माना जा रहा है।
क्लोजिंग ऑक्शन के दौरान क्या रहेगा अलग?
क्लोजिंग ऑक्शन के दौरान निवेशकों के लिए कुछ विशेष नियम लागू रहेंगे। मार्केट ऑर्डर में बदलाव या उसे रद्द करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा ऑक्शन अंतिम दो मिनट के भीतर किसी भी समय रैंडम तरीके से समाप्त होगा। इसके बाद ऑर्डर मैचिंग पूरी होने पर जो अंतिम कीमत तय होगी, वही संबंधित F&O शेयर की आधिकारिक क्लोजिंग प्राइस होगी।
इस बदलाव का उद्देश्य बाजार में किसी भी तरह की कीमत में हेरफेर की संभावना को कम करना और अधिक निष्पक्ष मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करना है।
डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग और प्री-ओपन मार्केट के समय में भी बदलाव
SEBI ने डेरिवेटिव्स सेगमेंट के ट्रेडिंग समय में भी बदलाव किया है। अब F&O ट्रेडिंग पहले की तुलना में 10 मिनट अधिक चलेगी और इसका समय बढ़ाकर शाम 3:40 बजे तक कर दिया गया है। वहीं, जिन इक्विटी शेयरों में F&O ट्रेडिंग नहीं होती है, उनके लिए कैश मार्केट का बंद होने का समय पहले की तरह दोपहर 3:30 बजे ही रहेगा।
इसके अलावा प्री-ओपन मार्केट सेशन का समय भी संशोधित किया गया है। अब ऑर्डर एंट्री विंडो सुबह 9:00 बजे से 9:07 बजे तक खुली रहेगी। इसके बाद 9:07 बजे से 9:15 बजे तक ऑर्डर मैचिंग होगी और नियमित कारोबार पहले की तरह सुबह 9:15 बजे शुरू होगा।
इन बदलावों के बाद बाजार में ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों और ट्रेडर्स को नए समय और नियमों का ध्यान रखना होगा ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।




