बक्सर: मुख्यमंत्री के आगमन से पहले भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 गंभीर

Buxar Police Accident: बक्सर जिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहुंचने से कुछ घंटे पहले मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नावानगर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम के वाहन को NH-120 पर पचदरवा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुवा हादसा?
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे नावानगर थाना की पुलिस टीम इलाके में रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान एनएच-120 पर पचदरवा पुल के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया गया कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: बक्सर में आग का तांडव, पांच लग्जरी गाड़ियां और ट्रैक्टर जलकर राख, करोड़ों का नुकसान
तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल
इस सड़क हादसे में नावानगर थाना के एसआई संजीव कुमार सिंह, पुलिस वाहन चालक ओमप्रकाश सिंह और गृह रक्षक बिहारी कुमार घायल हुए हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां तीनों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई।
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। ट्रक की पहचान करने और चालक तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: बक्सर: नहर में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले हादसे ने बढ़ाई चिंता
गौरतलब है कि वामन द्वादशी के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बक्सर पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ऐसे समय में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम के वाहन के साथ हुआ यह हादसा पुलिस महकमे के लिए चिंता का विषय बन गया है। रात्रि गश्त के दौरान हुई इस दुर्घटना के बाद पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
फिलहाल एसआई संजीव कुमार सिंह, चालक ओमप्रकाश सिंह और गृह रक्षक बिहारी कुमार का इलाज जारी है। पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

