सपने में बार-बार दिखता है पुराना घर या बचपन की गली? जानिए इसके पीछे का सच और गरुड़ पुराण में इसका मतलब

बरसों पहले छूटा हुआ घर… बचपन की वही गलियां और आंगन में बिताए दिन। क्या आपको भी पितृ पक्ष के दौरान सपनों में अपना पुराना मकान बार-बार दिखाई दे रहा है? श्राद्ध के दिनों में ऐसे सपने आने पर अक्सर लोग डर जाते हैं कि कहीं यह पूर्वजों की नाराजगी या किसी संकट की आहट तो नहीं?
लेकिन धार्मिक ग्रंथों और आधुनिक विज्ञान की मानें तो इसकी वजह आपकी सोच से बिल्कुल अलग हो सकती है। आइए जानते हैं गरुड़ पुराण, चरक संहिता और ज्योतिष विशेषज्ञों की इस पर क्या राय है।
पितृ पक्ष में क्यों आते हैं पुराने घर के सपने? (Pitru Paksha Swapna Shastra)
पुराना घर सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि आपकी यादों और भावनाओं का केंद्र होता है। पितृ पक्ष (Pitru Paksha) के दौरान घर में पूर्वजों की चर्चा होती है, तर्पण और श्राद्ध की तैयारियां चलती हैं। जब मन में परिवार और अतीत की बातें चलती हैं, तो सबकॉन्शियस माइंड (अचेतन मन) पुरानी स्मृतियों को सपनों के रूप में उभारता है।
मूलतः ये एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसे सीधे किसी अलौकिक शक्ति या अनहोनी का संकेत मानना सही नहीं है।
ये भी पढ़ें: क्या आप जानते हैं मां दुर्गा के शेर का नाम? जानें कैसे बना शेर मां का वाहन
भारतीय स्वप्न शास्त्र और चरक संहिता का क्या कहना है?
हर सपना कोई न न कोई भविष्यवाणी करे, ऐसा जरूरी नहीं है। चरक संहिता के ‘इंद्रियस्थान’ में उल्लेख है कि जो सपने देखी हुई, सुनी हुई या अनुभव की गई बातों से बनते हैं, वे फलरहित (निरर्थक) होते हैं। जिस घर में आप सालों रहे हैं, उसका सपना देखना केवल आपकी स्मृति (यददास्त) का एक स्वाभाविक हिस्सा है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
क्या गरुड़ पुराण में इसे ‘पितृ दोष’ माना गया है?
गरुड़ पुराण के प्रेतखंड में इस बात का जिक्र मिलता है कि पितर सूक्ष्म रूप से अपने पुराने निवास स्थान पर आ सकते हैं और अपने वंशजों को संकेत दे सकते हैं। हालांकि, इस संदर्भ में एक बहुत ही बारीक और महत्वपूर्ण अंतर को समझना जरूरी है:
पूर्वज की विशेष स्थिति: यदि सपने में कोई मृत पूर्वज बेहद दीन-हीन अवस्था में दिखाई दे, या वे आपसे अन्न और जल की मांग कर रहे हों, तो इसे एक अलग संकेत माना गया है।
केवल पुराना घर दिखना: इसके विपरीत, गरुड़ पुराण या अन्य शास्त्रों में ऐसा कोई नियम या उल्लेख नहीं मिलता कि केवल पुराना गांव, पुश्तैनी मकान या बचपन की गली देखने मात्र से ही कोई ‘पितृ दोष’ लग जाता है या परिवार पर कोई बड़ी विपत्ति आने वाली है।
इसलिए, महज पुराने घर का सपना आने पर इसे किसी बड़े संकट या दोष से जोड़कर डर जाना पूरी तरह से निराधार है।
ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेश श्रीमाली का दृष्टिकोण
प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेश श्रीमाली के अनुसार,
केवल सपना आने के कारण श्राद्ध की तिथि बदलना, पितृ दोष मान लेना या कोई महंगा अनुष्ठान करवाना सही नहीं है। पुराना घर याद आना अपनी जड़ों से जुड़ाव का संकेत हो सकता है। इसे केवल भय या अनिष्ट से जोड़कर न देखें।
ऐसा सपना आए तो क्या करना चाहिए?
सबसे पहले घबराने की जरूरत नहीं है। अगर मन में पूर्वजों की याद आई है, तो परिवार के साथ बैठकर उनके किस्से साझा करें। इससे भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही अपनी पारिवारिक परंपरा के अनुसार श्राद्ध या तर्पण करें। गरुड़ पुराण के संबंधित अध्याय में भी जलतर्पण और अपनी क्षमता के अनुसार दान की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें: पितृ दोष से हैं परेशान? इस अमावस्या करें ये आसान उपाय, मिल सकती है राहत
कई बार लोग किसी एक सपने के आधार पर पितृ दोष मान बैठते हैं और फिर महंगे उपायों के जाल में फंस जाते हैं। धार्मिक मान्यताएं आस्था का विषय हैं, लेकिन सपने नींद के दौरान मन की गतिविधि से भी जुड़े होते हैं। दिनभर की सोच, पुरानी यादें और भावनात्मक स्थिति सपनों को प्रभावित कर सकती हैं।
यदि सपने बार-बार आएं और आपको बेचैनी या नींद की परेशानी हो रही हो, तो परिवार के बुजुर्गों से बात करें या किसी जानकार पुरोहित से सलाह लें। जरूरत महसूस हो तो डॉक्टर से भी परामर्श किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। किसी भी मान्यता को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।

