बक्सर: थाने के पास आभूषण दुकान में बड़ी चोरी, 20 लाख के गहने संग कैमरा और सबूत ले भागे चोर

Buxar Jewellery Shop Robbery in Dhansoi
1 min read

Buxar News: बक्सर जिले से एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने आभूषण दुकान का शटर काटकर लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी घटना थाने के बेहद पास हुई, फिर भी चोर इतनी सफाई से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अब इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और सवाल दोनों खड़े कर दिए हैं।

थाने के पास आभूषण दुकान से 20 लाख की चोरी

बक्सर जिले के धनसोई बाजार में रविवार देर रात चोरों ने आभूषण दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात (Buxar Jewellery Shop Robbery) को अंजाम दिया, जहां ग्रामीण बैंक के पास स्थित कारोबारी बिट्टू वर्मा की दुकान का शटर काटकर करीब 20 लाख रुपये के गहने उड़ा लिए गए। चोरी गए आभूषणों में लगभग सौ ग्राम सोना और करीब चार किलो चांदी शामिल बताई जा रही है।

गौरतलब है की घटना स्थल से धनसोई थाना बेहद नजदीक है, इसके बावजूद चोर बिना किसी डर के दुकान में घुसे और आराम से वारदात कर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो कटा हुआ शटर देखकर उनके होश उड़ गए, अंदर जाकर देखा तो तिजोरी का ताला टूटा हुआ था और सभी गहने गायब थे।

ये भी पढ़ें: जमीन विवाद बना गैंगवार, भु माफिया के घर से निकला हथियारों का जखीरा, 341 गोलियां, कार्बाइन और राइफल देख पुलिस भी रह गई दंग

चोर सिर्फ आभूषण ही नहीं ले गए, बल्कि दुकान में लगा निगरानी कैमरे का रिकॉर्डर भी साथ ले गए, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि चोरी पूरी तैयारी और योजना के साथ की गई थी।

शादी समारोह की आड़ में रची गई चोरी की साजिश

ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक जिस कटरे में बिट्टू वर्मा की आभूषण दुकान है, उसी की छत पर रविवार की रात शादी समारोह चल रहा था और नीचे उतरने वाली सीढ़ी का गेट अंदर से बंद था, लेकिन चोरों ने सांकल वाली जगह की ईंट तोड़कर रास्ता बना लिया और आराम से नीचे उतर आए। इसके बाद दुकान का शटर काटा गया, ताला तोड़ा गया और तिजोरी में रखे सोना-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया गया।

पूरी वारदात इतनी सटीक तरीके से की गई, जिससे यह अंदेशा गहराता है कि चोरों को दुकान की हर जानकारी पहले से थी। ग्रामीणों का कहना है,

बिना रेकी और स्थानीय जानकारी के ऐसी चोरी संभव नहीं है, इसलिए किसी आसपास के व्यक्ति की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें: बक्सर: अवैध हथियार के साथ पुलिस ने सत्यम और राजा को किया गिरफ्तार, मौके से बाइक जब्त

शादी समारोह की मौजूदगी और रास्तों की जानकारी भी केवल नजदीकी लोगों को ही हो सकती है, ऐसे में पुलिस की जांच अब इसी दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है।

चोरी के बाद हरकत में पुलिस, जांच तेज

घटना की जानकारी मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया। जांच को मजबूत करने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम और खोजी कुत्ते को भी बुलाने का अनुरोध किया गया है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी है, आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ हो रही है, हालांकि अभी तक चोरों का कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है। इस बड़ी चोरी के बाद धनसोई बाजार और आसपास के इलाकों में व्यापारियों के बीच डर का माहौल है और थाने के इतने करीब हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: बक्सर: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा, अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि बक्सर पुलिस इस सनसनीखेज चोरी की गुत्थी कितनी जल्दी सुलझा पाती है।

Jai Jagdamba News Whatsapp