अब E85 तकनीक के साथ आ रही Royal Enfield की लोकप्रिय बाइक, जानें लॉन्च डेट, कीमत और बड़े बदलाव
अगर आप Royal Enfield Classic 350 खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक नई जानकारी सामने आई है। कंपनी जल्द ही अपनी लोकप्रिय रेट्रो बाइक का फ्लेक्स-फ्यूल (E85) वर्जन बाजार में ला सकती है। हालांकि अभी आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
दरअसल, भारत में एथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। ऐसे में दोपहिया वाहन निर्माता भी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक पर काम कर रहे हैं।
Royal Enfield क्यों ला सकती है फ्लेक्स-फ्यूल बाइक?
भारत में फिलहाल E20 पेट्रोल का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वहीं सरकार E85 और E100 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन के लिए भी नियम तैयार कर रही है। ऐसे में आने वाले वर्षों में फ्लेक्स-फ्यूल कारों और बाइकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यामाहा और हीरो मोटोकॉर्प जैसी कंपनियां पहले ही फ्लेक्स-फ्यूल बाइक पेश कर चुकी हैं।
इसी दिशा में अब Royal Enfield भी कदम बढ़ा सकती है। कंपनी की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली बाइकों में Classic 350 शामिल है। ऐसे में इसी मॉडल को फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के साथ पेश करना कंपनी के लिए एक स्वाभाविक कदम माना जा रहा है। इससे कंपनी भविष्य के ईंधन और उत्सर्जन मानकों के अनुरूप अपने लोकप्रिय मॉडल को बनाए रख सकेगी।
ये भी पढ़ें: 90 साल पुरानी बुल्लेट अब होगी और दमदार, Royal Enfield ला रही Bullet 650 का नया अवतार
E85 फ्लेक्स फ्यूल क्या है?
E85 फ्लेक्स फ्यूल एक ऐसा ईंधन है जिसमें 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल मिलाया जाता है, इसलिए इसे पेट्रोल का एक नया और थोड़ा ज्यादा साफ विकल्प माना जाता है। अगर कोई बाइक इस फ्यूल पर चलने के लिए तैयार की जाए, तो इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम हो सकती है, ईंधन के नए विकल्प मिल सकते हैं और आने वाले समय में बाइक चलाने वालों को थोड़ी राहत भी मिल सकती है। हालांकि, इसके लिए इंजन और कुछ जरूरी हिस्सों को इस तरह बनाया जाता है कि वे एथेनॉल वाले फ्यूल को आसानी से संभाल सकें।
कब लॉन्च होगी Royal Enfield Classic 350 Flex Fuel?
Royal Enfield ने अभी तक लॉन्च की आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार Classic 350 Flex Fuel को दिसंबर 2026 तक भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। इस बाइक के कॉन्सेप्ट मॉडल को भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024 में प्रदर्शित किया गया था। इसके बाद से ही इसके प्रोडक्शन मॉडल को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं।
बाइक में क्या होंगे बदलाव?
Classic 350 Flex Fuel में कंपनी का मौजूदा जे-सीरीज इंजन प्लेटफॉर्म ही मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसे ई85 ईंधन के हिसाब से तैयार करने के लिए कई जरूरी तकनीकी बदलाव किए जा सकते हैं। इनमें अपडेटेड फ्यूल पंप, नई फ्यूल लाइनें, री-कैलिब्रेटेड ईसीयू, ई85 के मुताबिक इंजन ट्यूनिंग और कुछ नए कॉस्मेटिक अपडेट शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक कंपनी ने इन बदलावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, इसलिए लॉन्च से पहले और भी जानकारी सामने आ सकती है।
ये भी पढ़ें: मारुति फ्रॉन्क्स के 14 वेरिएंट्स में कौन है असली ‘पैसा वसूल’ SUV? कीमत देख बदल सकता है आपका फैसला
कितनी होगी कीमत?
फिलहाल भारतीय बाजार में स्टैंडर्ड Royal Enfield Classic 350 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.87 लाख रुपये है। वहीं, फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के लिए इंजन और फ्यूल सिस्टम में अतिरिक्त बदलाव किए जाते हैं जिस वजह से फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन की शुरुआती कीमत लगभग 2.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रहने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अंतिम कीमत चुने गए वेरिएंट और फीचर्स के आधार पर अलग हो सकती है।
ग्राहकों के लिए क्यों खास है ये बाइक?
अगर Royal Enfield Classic 350 का Flex Fuel वर्जन लॉन्च होता है, तो ग्राहकों को अपनी पसंदीदा रेट्रो बाइक नई ईंधन तकनीक के साथ मिल सकती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बाइक भविष्य में बढ़ते एथेनॉल मिश्रित ईंधन के अनुरूप तैयार होगी। इससे बदलते सरकारी ईंधन मानकों के बीच ग्राहकों के पास एक आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार विकल्प उपलब्ध हो सकता है।
